जयपुर, 10 जुलाई (भाषा) राजस्थान में दक्षिण-पश्चिम मानसून के शुक्रवार से कमजोर पड़ने का अनुमान है जिससे भारी बारिश की गतिविधियों पर विराम लगने की संभावना है। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी।
विभाग के अनुसार, 10-11 जुलाई से आगामी एक सप्ताह के दौरान राज्य में कमजोर मानसून की परिस्थितियां रहने की प्रबल संभावना है। इस दौरान अधिकांश भागों में मौसम मुख्यत: शुष्क रहने और केवल छिटपुट स्थानों पर हल्की बारिश होने का अनुमान है।
वहीं, शुक्रवार सुबह तक पिछले 24 घंटों में राज्य में कहीं-कहीं बादल गरजने एवं झोंकेदार हवाएं चलने के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 56.0 मिलीमीटर बारिश अजमेर के केकड़ी में हुई।
इसके अलावा अंता (बारां) में तीन सेंटीमीटर, बानसूर (अलवर) में तीन सेंटीमीटर, चूरू में तीन सेंटीमीटर तथा लक्ष्मणगढ़ (सीकर) में दो सेंटीमीटर बारिश हुई।
भाषा पृथ्वी सिम्मी
सिम्मी