अहमदाबाद, तीन अगस्त (भाषा) गुजरात विधानसभा का मानसून सत्र आठ से 10 सितंबर तक आयोजित किया जायेगा। विधानसभा अध्यक्ष शंकर चौधरी ने सोमवार को यह घोषणा की।
चौधरी ने गांधीनगर में पत्रकारों से कहा कि राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने 15वीं गुजरात विधानसभा का नौंवा सत्र आहूत किया है।
उन्होंने कहा कि इस सत्र में सरकारी कामकाज किया जायेगा, जिसमें सरकारी विधेयकों को पेश करना और पारित करना, सरकारी कार्यों पर चर्चा करना तथा कार्य मंत्रणा समिति द्वारा स्वीकृत अन्य विषयों पर विचार-विमर्श शामिल होगा।
चौधरी ने कहा कि विधायक इस सत्र के दौरान अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों से जुड़े मुद्दे उठा सकेंगे।
उन्होंने कहा कि विधायक प्रश्नकाल के लिए सत्र आहूत किये जाने की घोषणा की तारीख से एक सप्ताह तक अपने प्रश्न ऑनलाइन जमा कर सकते हैं, ताकि उन्हें सत्र के दौरान उठाया जा सके।
भाषा
देवेंद्र दिलीप
दिलीप