दुर्ग, तीन अगस्त (भाषा) छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक दैनिक वेतनभोगी महिला कर्मचारी के वेतन से करीब डेढ़ लाख रुपये के कथित तौर पर गबन के मामले में पुलिस ने हेमचंद यादव विश्वविद्यालय के कुलसचिव को गिरफ्तार किया।
पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि आरोपी कुलसचिव को बाद में थाने से ही मुचलके पर रिहा कर दिया गया।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने महिला कर्मचारी शुभांगी मराठे के वेतन से 1,49,384 रुपये के गबन के आरोप में कुलसचिव भूपेंद्र कुमार कुलदीप (51) को गिरफ्तार किया।
अधिकारियों के अनुसार, विश्वविद्यालय की अर्धकुशल दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी शुभांगी मराठे ने कुलपति को शिकायत दी थी, जिसके बाद विश्वविद्यालय द्वारा गठित जांच समिति की विस्तृत रिपोर्ट के आधार पर मोहन नगर थाने में गंभीर वित्तीय अनियमितता और अमानत में खयानत का मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने बताया कि जांच में सामने आया कि शुभांगी मराठे विश्वविद्यालय में दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी के रूप में कार्यरत थीं और कुलसचिव भूपेंद्र कुमार कुलदीप के घर पर भोजन बनाने का काम भी करती थीं।
अधिकारियों के मुताबिक, मराठे को सरकारी नियमों के अनुसार प्रतिमाह 11,515 रुपये वेतन मिलता था लेकिन आरोप है कि कुलदीप उन्हें केवल 2,200 रुपये देता था और शेष राशि दबाव बनाकर फोनपे और पेटीएम के माध्यम से अपने बेटे उदय कुलदीप के खाते में अंतरित करवा लेता था।
पुलिस के अनुसार, छह फरवरी 2025 से चार जुलाई 2026 के बीच कुल 1,49,384 रुपये का कथित गबन किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि विश्वविद्यालय की जांच समिति की रिपोर्ट, बैंक खातों और यूपीआई लेनदेन की जांच तथा अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पद के दुरुपयोग और अमानत में खयानत की पुष्टि हुई।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए कुलदीप से पूछताछ की और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अपराध की पुष्टि होने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया।
मोहन नगर थाना प्रभारी केशव कोसले ने बताया कि आरोपी कुलदीप को थाने से ही मुचलके पर जमानत दे दी गई।
भाषा सं संजीव जितेंद्र
जितेंद्र