नयी दिल्ली/अमरावती, 21 दिसंबर (भाषा) लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की पहल पर आंध्र प्रदेश विधानमंडल के 100 से अधिक अधिकारियों को विधायी प्रक्रिया, समितियों के कामकाज और मीडिया संपर्क जैसे विषयों को लेकर प्रशिक्षित किया गया।
लोकसभा सचिवालय की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, विधानमंडल सचिवालय के अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए तीन-दिवसीय क्षमता निर्माण कार्यक्रम का आयोजन अमरावती स्थित विधानमंडल परिसर में 19 से 21 मई तक किया गया था।
इस विशेष प्रशिक्षण का आयोजन संसदीय लोकतंत्र शोध एवं प्रशिक्षण संस्थान (प्राइड), लोकसभा सचिवालय द्वारा आंध्र प्रदेश विधानमंडल सचिवालय के सहयोग से किया गया।
लोकसभा सचिवालय का कहना है, ‘‘लोकसभा के महासचिव उत्पल कुमार सिंह और आंध्र प्रदेश विधानमंडल के महासचिव प्रसन्न कुमार सूर्यदेवरा के मार्गदर्शन में विधानमंडलों से संबंधित सर्वोत्तम परंपराओं को साझा किया गया। यह प्रयास राज्यों के स्तर पर लोकतांत्रिक शासन को सुदृढ़ करने की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जिसका उद्देश्य सचिवालयी कार्यों को संसदीय उत्कृष्टता के उच्चतम मानकों के अनुरूप बनाना है।’’
भाषा हक
हक मनीषा
मनीषा