गोरखपुर में जमीन के झगड़े में एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या

Ads

गोरखपुर में जमीन के झगड़े में एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या

  •  
  • Publish Date - May 21, 2026 / 08:32 PM IST,
    Updated On - May 21, 2026 / 08:32 PM IST

गोरखपुर, 21 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के हरपुर बुदहट क्षेत्र में जमीन के विवाद को लेकर एक युवक की कथित रूप से उसके रिश्तेदारों ने लाठी डंडे और सरिया से पीट-पीट कर हत्या कर दी और बीच बचाव की कोशिश करने पर उसके माता-पिता को गंभीर रूप से घायल कर दिया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि बुधवार रात हरपुर बुदहट थाना क्षेत्र के भूसा गांव में रामसेवक चौहान (30) अपने खेतों की सिंचाई करके घर लौट रहा था, तभी कथित तौर पर घात लगाकर बैठे आरोपियों ने उस पर सरिया और लाठियों से हमला कर दिया और इस दौरान सिर और पेट पर गहरी चोट लगने की वजह से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

सूत्रों के अनुसार चौहान के परिवार के लोगों ने आरोप लगाया कि यह हमला उसके चाचा शिवचरन और चचेरे भाइयों रंजीत और आलोक ने जमीन के पुराने झगड़े और पारिवारिक रंजिश के चलते अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर किया है।

सूत्रों ने बताया कि हमलावरों ने बीच-बचाव करने पर चौहान के माता-पिता को भी गंभीर रूप से घायल कर दिया जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि रामसेवक चौहान के पिता रमाकांत चौहान की शिकायत के आधार पर पुलिस ने रंजीत, आलोक और शिवचरन के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।

अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि नामजद आरोपियों में से एक को हिरासत में ले लिया गया है और बाकी आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की टीमें जगह-जगह छापेमारी कर रही हैं।

भाषा

सं, सलीम रवि कांत