पंजाब में सरकारी विद्यालयों के 300 से अधिक बच्चों ने जेईई मेन्स परीक्षा उत्तीर्ण की: शिक्षा मंत्री
पंजाब में सरकारी विद्यालयों के 300 से अधिक बच्चों ने जेईई मेन्स परीक्षा उत्तीर्ण की: शिक्षा मंत्री
चंडीगढ़, 21 फरवरी (भाषा) पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने शनिवार को बताया कि सरकारी विद्यालयों के 305 विद्यार्थियों ने संयुक्त प्रवेश परीक्षा (जेईई) मेन्स 2026 में अपने पहले ही प्रयास में सफलता प्राप्त की है।
उन्होंने कहा कि यह संख्या पिछले वर्ष के 187 सफल उम्मीदवारों की तुलना में 63 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाती है।
बैंस ने इस उपलब्धि को राज्य की स्कूली शिक्षा प्रणाली के लिए एक महत्वपूर्ण क्षण बताया।
शिक्षा मंत्री ने बताया कि उनके निर्वाचन क्षेत्र श्री आनंदपुर साहिब के पांच विद्यार्थियों ने भी इस प्रतिष्ठित परीक्षा को उत्तीर्ण किया है।
उन्होंने सरकार द्वारा सफल विद्यार्थियों को जेईई एडवांस की तैयारी के लिए तीन सप्ताह का विशेष आवासीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने की घोषणा की ताकि उन्हें अगले चरण के लिए मार्गदर्शन मिल सके।
बैंस ने बताया, “यह उपलब्धि हमारे पूरे स्कूली शिक्षा विभाग के लिए अत्यंत गौरव का क्षण है। मैं अपने सभी समर्पित शिक्षकों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं। हाल में हुए जेईई मेन्स चरण 1 के परिणामों में पंजाब सरकार के विद्यालयों का उत्कृष्ट प्रदर्शन देखने को मिला, जिसमें 305 बच्चों ने इंजीनियरिंग की प्रतियोगी परीक्षा उत्तीर्ण की।”
राज्य के शिक्षा मंत्री ने कहा, “महज एक वर्ष में इतनी महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करना हमारी पंजाब ‘शिक्षा क्रांति’ पहल की परिवर्तनकारी शक्ति का प्रमाण है। हम अपनी प्रगति को और तेज करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
भाषा जितेंद्र वैभव
वैभव

Facebook


