उत्तराखंड में पिछले पांच वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली: मुख्यमंत्री धामी
उत्तराखंड में पिछले पांच वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली: मुख्यमंत्री धामी
देहरादून, तीन सितंबर (भाषा) उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बृहस्पतिवार को कहा कि पिछले पांच वर्षों में 34 हजार से अधिक युवा सरकारी नौकरी पाने में सफल रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने यहां आयोजित एक कार्यक्रम में कहा कि राज्य सरकार ने भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और युवाओं के हितों की रक्षा के लिए देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में सरकारी नौकरियां सिफारिश या पहचान के बल पर नहीं बल्कि मेहनत और प्रतिभा के आधार पर मिल रही हैं।
धामी ने प्रदेश के पशुपालन विभाग और गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग विभाग में चयनित 101 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किये।
उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों में 34 हजार से अधिक युवा सरकारी नौकरी पाने में सफल रहे हैं और यह पारदर्शी भर्ती व्यवस्था एवं युवाओं को उनकी प्रतिभा के आधार पर अवसर प्रदान करने की राज्य सरकार की प्रतिबद्धता का परिणाम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नियुक्ति पत्र प्राप्त करना युवाओं के परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिणाम है।
उन्होंने नवनियुक्त कार्मिकों से अपने ज्ञान, ऊर्जा और नए विचारों के माध्यम से शासकीय कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने तथा अपनी कार्यशैली से उदाहरण प्रस्तुत करने की अपेक्षा की।
धामी ने नवनियुक्त कार्मिकों से सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्ति तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाने को उनकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी बताया।
उन्होंने कहा कि नवनियुक्त कर्मी ईमानदारी, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
भाषा दीप्ति जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


