कोलकाता, 13 अगस्त (भाषा) कोलकाता के साल्ट लेक इलाके में बुधवार शाम एक कार ने एक बाइक सवार को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे बाइक में आग लग जाने से उसकी जलकर मौत हो गई। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस घटना से इलाके में तनाव फैल गया क्योंकि स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया और कथित तौर पर पुलिस पर पथराव किया। इसके कारण अधिकारियों को साल्ट लेक के न्यू ब्रिज क्षेत्र के पास स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस का प्रयोग करना पड़ा।
अधिकारी ने कहा, ‘‘मृतक की पहचान खाद्य पदार्थों की आपूर्ति करने वाली कंपनी के प्रतिनिधि राहुल मंडल के रूप में हुई है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ कार ने बाइक को टक्कर मारने से पहले कुछ अन्य वाहनों को भी टक्कर मारी। कई लोग घायल हो गए और उन्हें पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और उनमें से कुछ ने पत्थर फेंके, जिससे हमें भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस छोड़नी पड़ी। ’’
प्रत्यक्षदर्शियों ने दावा किया कि पुलिस ने मंडल को बचाने के लिए कोई खास प्रयास नहीं किया, जो आग लगने से पहले ही रेलिंग के बीच फंस गया था। स्थानीय लोगों ने चार पहिया वाहन में सवार यात्रियों को वाहन से बाहर निकाला।
बिधाननगर पुलिस आयुक्तालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘स्थिति तनावपूर्ण है, लेकिन हमारे अधिकारियों ने इसे नियंत्रण में लाने में अच्छा काम किया है। हम इस मामले की जांच कर रहे हैं।’’
अधिकारी ने बताया कि स्थानीय लोगों द्वारा कथित तौर पर उन पर पत्थर फेंके जाने से कुछ पुलिसकर्मी भी घायल हो गए।
भाषा रवि कांत रवि कांत माधव
माधव