मप्र : सरकारी अस्पताल में शव वाहन न मिलने पर व्यक्ति अपनी मां के शव को मोटरसाइकिल पर ले गया घर

Ads

मप्र : सरकारी अस्पताल में शव वाहन न मिलने पर व्यक्ति अपनी मां के शव को मोटरसाइकिल पर ले गया घर

  •  
  • Publish Date - August 1, 2022 / 06:21 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 07:48 PM IST

शहडोल (मप्र), एक अगस्त (भाषा) मध्य प्रदेश के शहडोल में सरकारी अस्पताल में शव वाहन न मिलने पर एक व्यक्ति अपनी मां का शव मोटरसाइकिल से करीब 80 किलोमीटर दूर अपने घर ले गया।

इस व्यक्ति का सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह 60 वर्षीय महिला का शव मोटरसाइकिल पर रखकर ले जाता दिख रहा है।

मृतका के बेटे सुंदर यादव ने बताया कि शहडोल मेडिकल कॉलेज में शनिवार अर्धरात्रि उसकी मां जयमंत्री यादव की मौत हो गई और उसने मेडिकल कॉलेज में शव वाहन के बारे में पता किया लेकिन वहां शव वाहन उपलब्ध नहीं था।

उसने कहा कि इसके बाद उसने निजी शव वाहन संचालकों से बात की तो उन्होंने शव ले जाने के 5,000 रुपए मांगे लेकिन इतने पैसे उसके पास नहीं थे, तब उसने अपनी मां के शव को मोटरसाइकिल से ही घर ले जाने का फैसला किया।

यादव ने बताया, ‘‘ रविवार सुबह मैंने लकड़ी की एक पटिया खरीदी और शव को उसमें बांधकर मोटरसाइकिल से करीब 80 किलोमीटर दूर अपने गांव अनूपपुर जिले के गोडारू चला गया।’’

मेडिकल कॉलेज शहडोल के अधीक्षक डॉ. नागेंद्र सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘मेडिकल कॉलेज में शव वाहन नहीं है। लेकिन ऐसी स्थिति में परिजनों द्वारा सूचित करने पर उन्हें जिला अस्पताल और नगरपालिका से संपर्क कर वाहन उपलब्ध कराया जाता है।’’

सिंह ने कहा कि जो व्यक्ति अपनी मां के शव को मोटरसाइकिल पर ले कर गया है उसके द्वारा शव वाहन की मांग नहीं की गई थी।

अनूपपुर के गोडारू गांव की निवासी जयमंत्री को सीने में तकलीफ होने के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

भाषा सं रावत रावत राजकुमार

राजकुमार

राजकुमार