40 दिन में पूरे होंगे निकाय और पंचायत चुनाव :पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़

Ads

40 दिन में पूरे होंगे निकाय और पंचायत चुनाव :पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़

  •  
  • Publish Date - September 6, 2026 / 03:28 PM IST,
    Updated On - September 6, 2026 / 03:28 PM IST

जयपुर, छह सितंबर (भाषा) राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता और विधानसभा में पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने रविवार को कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व वाली सरकार निकाय और पंचायत चुनाव की प्रक्रिया करीब 40 दिन में पूरी करा रही है जबकि पिछली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में आचार संहिता करीब 280 दिन तक लागू रही थी।

राठौड़ ने कहा कि कम अवधि में चुनाव संपन्न होने से बार-बार आचार संहिता लागू होने के कारण प्रभावित होने वाले विकास कार्यों को गति मिलेगी।

उन्होंने कहा कि राज्य के 309 शहरी स्थानीय निकायों के चुनाव एक साथ कराए जा रहे हैं, जिसके लिए 19 अगस्त को आचार संहिता लागू हुई और 17 सितंबर तक प्रभावी रहेगी।

राठौड़ ने कहा कि पंचायत चुनाव भी नवंबर तक पूरे होने की संभावना है और इस तरह चुनावी आचार संहिता की कुल अवधि करीब 40 दिन रहेगी।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की पिछली सरकार के दौरान 2019 से 2021 के बीच निकाय और पंचायत चुनाव 13 चरणों में कराए गए थे, जिसकी वजह से 18 महीने की अवधि में करीब 280 दिन तक आचार संहिता लागू रही।

राठौड़ ने कहा, “चुनाव लोकतंत्र को मजबूत करें, लेकिन विकास को नहीं रोकें।”

उन्होंने सरकार की कार्यशैली को ‘कम आचार संहिता, ज्यादा विकास’ बताया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के चुनाव प्रचार का समर्थन करते हुए राठौड़ ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को अपने विधानसभा क्षेत्र में रोड शो करने की चुनौती दी।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने 24,752 सफाई कर्मचारियों की भर्ती प्रक्रिया शुरू की है।

राठौड़ ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की पिछली सरकार ने आचार संहिता लागू होने से केवल तीन दिन पहले भर्ती का विज्ञापन जारी किया था लेकिन प्रक्रिया पूरी नहीं की।

राठौड़ ने ‘एक राज्य, एक चुनाव’ की नीति पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ‘एक देश, एक चुनाव’ की परिकल्पना का उद्देश्य बार-बार होने वाले चुनावों में लगने वाले समय, संसाधनों और खर्च को कम करना तथा प्रशासनिक कार्यों में आने वाली बाधाओं को घटाना है।

उन्होंने कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के पुराने बयान का जिक्र करते हुए कहा, “अब देखिए, आपके काकाजी (मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा) इसे करवा रहे हैं।”

राठौड़ ने यूनेस्को की अस्थायी सूची में शेखावाटी की 14 ऐतिहासिक हवेलियों को शामिल किए जाने का भी स्वागत किया और इसे क्षेत्र एवं राजस्थान के लिए गर्व का विषय बताया।

भाषा बाकोलिया नेत्रपाल जितेंद्र

जितेंद्र