दिल्ली नगर निगम ने रेलवे ट्रैक से 18,495 टन कचरा साफ किया

Ads

दिल्ली नगर निगम ने रेलवे ट्रैक से 18,495 टन कचरा साफ किया

  •  
  • Publish Date - April 5, 2026 / 09:10 PM IST,
    Updated On - April 5, 2026 / 09:10 PM IST

नयी दिल्ली, पांच अप्रैल (भाषा) दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने शहर में रेलवे पटरियों के किनारे चलाए जा रहे विशेष सफाई अभियान के तहत अब तक 18,495 मीट्रिक टन कचरा हटाया है, जो चिन्हित 102.9 किलोमीटर लंबे क्षेत्र का लगभग आधा हिस्सा है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

एक बयान के अनुसार, रेल प्राधिकारियों के साथ समन्वय में चलाए गए इस अभियान के तहत 123 ऐसे स्थानों को लक्षित किया गया, जहां समय के साथ अंधाधुंध कचरा फेंके जाने से गंदगी जमा हो गई थी, जिससे स्वच्छता संबंधी चिंताएं उत्पन्न हो रही थीं और शहर की छवि प्रभावित हो रही थी।

अब तक करीब 49.74 किलोमीटर पटरी को साफ किया जा चुका है।

क्षेत्रवार प्रदर्शन में करोल बाग और केशवपुरम जोन शीर्ष पर रहे, जहां प्रत्येक में 4,100 मीट्रिक टन कचरा हटाया गया, इसके बाद सिटी एसपी जोन में करीब 2,703 मीट्रिक टन कचरा साफ किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान में 550 से अधिक कर्मियों के साथ भारी मशीनरी, जैसे टिपर, हाइवा ट्रक और जेसीबी मशीन तैनात किए गए।

करोल बाग के जखीरा क्षेत्र में, जहां रेलवे लाइनों के त्रिकोणीय संगम के कारण कचरा हटाना चुनौतीपूर्ण था, बड़े पैमाने पर निकासी के लिए 20 रेलवे वैगनों का उपयोग किया गया।

कचरा फेंके जाने को रोकने के लिए रेलवे कॉरिडोर के साथ 61 डबल डस्टबिन लगाए गए हैं और जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है।

एमसीडी आयुक्त संजय खिरवार ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य केवल पुराने कचरे को हटाना ही नहीं, बल्कि बेहतर आधारभूत ढांचे और जनभागीदारी के माध्यम से दीर्घकालिक स्वच्छता सुनिश्चित करना भी है।

भाषा

राखी नरेश

नरेश