पंजाब में मंगलवार को होंगे नगर निकाय चुनाव, मतपत्रों के जरिये होगा मतदान

Ads

पंजाब में मंगलवार को होंगे नगर निकाय चुनाव, मतपत्रों के जरिये होगा मतदान

  •  
  • Publish Date - May 25, 2026 / 08:14 PM IST,
    Updated On - May 25, 2026 / 08:14 PM IST

चंडीगढ़, 25 मई (भाषा) पंजाब में मंगलवार को आठ नगर निगमों सहित 103 नगर निकायों के चुनाव के लिए जरूरी इंतजाम कर लिये गए हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि मतगणना 29 मई को होगी।

नगर निकायों के 1,896 वार्डों में मतपत्रों के माध्यम से मतदान होगा। यह सुबह आठ बजे शुरू होकर शाम पांच बजे तक जारी रहेगा।

अधिकारियों ने बताया कि मोहाली, बठिंडा, अबोहर, बरनाला, कपूरथला, मोगा, बटाला और पठानकोट- इन आठ नगर निगमों में चुनाव होंगे। इसके अलावा, 75 नगर परिषदों और 20 नगर पंचायतों के लिए भी मतदान होगा।

राज्य में 26 मई को होने वाले स्थानीय निकाय चुनावों में कुल 7,555 उम्मीदवार मैदान में हैं।

सत्तारूढ़ दल आम आदमी पार्टी (आप) ने सबसे अधिक 1,801 उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं। वहीं, कांग्रेस के 1,550, भाजपा के 1,316, शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के 1,251 और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के 96 उम्मीदवार हैं।

इसके अलावा, स्थानीय निकाय चुनावों के लिए 1,528 निर्दलीय उम्मीदवार भी मैदान में हैं।

इन नगर निकायों में 35,45,567 पंजीकृत मतदाता हैं, जिनमें 17,11,635 महिलाएं शामिल हैं।

अधिकारियों के अनुसार, 740 बूथ को संवेदनशील और 275 को अति संवेदनशील घोषित किया गया है।

लगभग 35,000 चुनाव कर्मियों और 32,000 पुलिस कर्मियों को चुनावी ड्यूटी पर लगाया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि सुचारू, शांतिपूर्ण और पारदर्शी मतदान सुनिश्चित करने के लिए व्यापक व्यवस्था की गई है। चुनावी प्रक्रिया के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए मतदान केंद्रों और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं।

पंजाब सरकार ने मतदाताओं को मतदान में सुविधा प्रदान करने के लिए 26 मई को राज्य में अवकाश घोषित किया है। यह अवकाश चंडीगढ़ स्थित पंजाब के सभी सरकारी कार्यालयों, बोर्ड, निगमों और शैक्षणिक संस्थानों पर भी लागू होगा।

सभी प्रमुख राजनीतिक दलों- आम आदमी पार्टी, भाजपा, कांग्रेस और शिअद- के लिए स्थानीय निकाय चुनाव बेहद महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं, क्योंकि ये चुनाव 2027 में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनावों से पहले हो रहे हैं।

ये सभी प्रमुख दल अपने-अपने चुनाव चिह्नों पर चुनाव लड़ रहे हैं।

रविवार को चुनाव प्रचार समाप्त हो गया। पंजाब के मंत्रियों– अमन अरोड़ा, लाल चंद कटारुचक ने आप के लिए चुनाव प्रचार किया। वहीं, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग, केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू, आप सांसद गुरमीत सिंह मीत हेयर, शिअद अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने अपनी-अपनी पार्टियों के उम्मीदवारों के लिए प्रचार किया।

इस बीच, उच्चतम न्यायालय ने सोमवार को पंजाब राज्य निर्वाचन आयोग के उस फैसले को चुनौती देने वाली याचिका खारिज कर दी, जिसके तहत नगर निगमों, नगर परिषदों और नगर पंचायतों के चुनाव मतपत्रों के जरिये कराने का निर्णय लिया गया है।

प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति विपुल एम. पंचोली की पीठ ने याचिकाकर्ता रुचिता गर्ग से न्यायालय का दरवाजा देर से खटखटाने को लेकर सवाल किया और कहा कि अब चुनाव प्रक्रिया में व्यवधान नहीं डाला जा सकता।

पीठ ने कहा, ‘‘चुनाव कल हैं, अब क्या किया जा सकता है? अब समय नहीं बचा है।’’

भाषा सुभाष सुरेश

सुरेश