‘मर्डर मार दे सड़क के ऊपर’ : अंकित बालियान ने अपने अंतिम इंस्टाग्राम पोस्ट में गाया था यह गीत

‘मर्डर मार दे सड़क के ऊपर’ : अंकित बालियान ने अपने अंतिम इंस्टाग्राम पोस्ट में गाया था यह गीत

‘मर्डर मार दे सड़क के ऊपर’ : अंकित बालियान ने अपने अंतिम इंस्टाग्राम पोस्ट में गाया था यह गीत
Modified Date: August 27, 2026 / 07:33 pm IST
Published Date: August 27, 2026 7:33 pm IST

नयी दिल्ली, 27 अगस्त (भाषा) पिछले महीने रिलीज हुए अपने गीत ‘बेबी बदमाश’ का प्रचार करने के दौरान, हरियाणवी गायक और यूट्यूबर अंकित बालियान ने इंस्टाग्राम पर अपने फॉलोअर के लिए एक वीडियो में इसकी कुछ पंक्तियां गाईं, जिनमें ‘‘मर्डर मार दे सड़क के ऊपर’ जैसी बातें शामिल हैं। इसके कुछ ही घंटों बाद, ठीक उसी तरह से उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई, जैसा दृश्य गीत में दर्शाया गया था।

उत्तर प्रदेश पुलिस के मुताबिक, हरियाणवी गायक एवं यूट्यूबर बालियान बुधवार शाम करीब छह बजकर 45 मिनट पर शामली के शहर कोतवाली इलाके में एक जिम से निकल रहे थे तभी दो मोटरसाइकिल पर सवार चार हमलावरों ने उन पर अंधाधुंध गोलियां चलाईं, जिससे उनकी मौत हो गयी।

शामली के बंटी खेड़ा गांव के रहने वाले बालियान ने हरियाणवी संगीत उद्योग में अपनी पहचान बनाई थी। उनके यूट्यूब चैनल पर 3.68 लाख से अधिक सब्सक्राइबर हैं और उनके गीतों में बंदूकें, लड़ाई-झगड़े और एसयूवी गाड़ियां दिखाई जाती थीं और गीतों के बोल हिंसा, बगावत और दुश्मनी जैसे विषयों पर आधारित होते थे।

उनके कुछ मशहूर गीतों में ‘‘भरी कोर्ट में गोली मारेंगे’’, ‘‘बॉडी बिल्डर’’ और ‘‘एक खटोला जेल के भीतर’’ शामिल हैं। हालांकि, संगीत में करियर बनाना हमेशा से बालियान की योजना नहीं थी। उनके भाई कपिल ने मीडिया को बताया कि गायक 2013-14 तक राज्य स्तर पर कबड्डी खेलते थे और उन्होंने दिल्ली, भोपाल और दूसरी जगहों पर प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया था। पैर में फ्रैक्चर होने के कारण उन्हें यह खेल छोड़ना पड़ा और बाद में उन्होंने जिम जाना शुरू कर दिया।

साल 2022 के आस-पास बालियान ने हरियाणवी संगीत के प्रति अपने जुनून को आगे बढ़ाना शुरू किया। इन वर्षों में, उन्होंने 50 से अधिक गीतों के लिए गायक, गीतकार और संगीतकार के तौर पर काम किया। वह संगीत वीडियो और सोशल मीडिया के जरिए सक्रिय रहे और इंस्टाग्राम पर उनके लगभग 4.97 लाख फॉलोअर भी थे। उनके अकाउंट पर ‘युद्धाय कृत निश्चय’ टैगलाइन लिखी थी, जो उनके गानों के बोल और संगीत की शैली के बिल्कुल अनुकूल थी।

बुधवार को गोली मारकर हत्या किए जाने से करीब दो घंटे पहले उन्होंने अपना आखिरी इंस्टाग्राम पोस्ट अपलोड किया था। वीडियो में बालियान अपनी कार में बैठे हुए हरियाणवी गाना गाते हुए दिख रहे हैं, जिसमें यह पंक्ति है — ‘‘मर्डर मार दे सड़क के ऊपर।’’

पुलिस उनके सोशल मीडिया खातों की गतिविधियों की जांच कर रही है।

बालियान 20 से अधिक नये हरियाणवी गीतों पर काम कर रहे थे, जिन्हें अगले महीने रिलीज किया जाना था। उसके परिवार ने बताया कि वह अपने गांव से जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ने की तैयारी भी कर रहे थे और बॉलीवुड में भी अपनी किस्मत आजमाने की योजना बना रहे थे।

यूट्यूबर ने करीब चार साल पहले दिल्ली के खजूरी खास इलाके की रहने वाली शिक्षिका ज्योति से शादी की थी और वह उनके साथ वहीं रहते थे। बालियान के पिता सतवीर सिंह सेना से सेवानिवृत्त हो चुके हैं और अभी गांव में खेती-बाड़ी करते हैं।

बालियान के परिवार में उनकी दो बड़ी बहन और एक छोटा भाई है।

वह अपने संगीत के काम के सिलसिले में रोहतक, सोनीपत और दिल्ली के खजूरी खास में रहते थे और तीनों जगहों पर उनके कार्यालय थे। स्थानीय लोगों के अनुसार, वह आम तौर पर हर एक या दो महीने में एक बार अपने गांव जाते थे।

इस हत्या के बाद विरोध-प्रदर्शन शुरू हो गए। पीड़ित के परिवार और अन्य लोगों ने शामली में सड़क अवरूद्ध कर दी और हमलावरों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की।

बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम के बाद बालियान का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव बंटी खेड़ा में किया गया।

इस हत्याकांड की समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस ने आलोचना की है और कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर भाजपा नीत उत्तर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है।

भाषा सुभाष पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में