मैंने और मेरे परिवार ने कोई गलत काम नहीं किया, किसी ने हवाला लेनदेन नहीं किया: विजयन
मैंने और मेरे परिवार ने कोई गलत काम नहीं किया, किसी ने हवाला लेनदेन नहीं किया: विजयन
त्रिशूर (केरलम), 22 अगस्त (भाषा) केरलम के पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने शनिवार को कहा कि वह और बेटी टी. वीणा व परिवार के अन्य सदस्य पाक-साफ हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी ने भी हवाला लेनदेन नहीं किया।
विजयन ने वीणा के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की धनशोधन संबंधी जांच पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उनकी बेटी ने जांच में सहयोग किया है और वह एजेंसी द्वारा मांगी जाने वाली सभी जानकारियां आगे भी देती रहेगी।
विजयन ने कहा, ‘‘न तो मैंने, न मेरी बेटी और न ही मेरे परिवार के किसी अन्य सदस्य ने कोई हवाला लेनदेन किया है। मुझे इस बात का पूरा विश्वास है। हमने कोई गलत काम नहीं किया है और न ही हम आगे ऐसा कुछ करेंगे।’’
उन्होंने वीणा का पुरजोर बचाव करते हुए कहा कि कई मुद्दे केवल इसलिए उठाए जा रहे हैं क्योंकि वह उनकी बेटी हैं।
विजयन ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘वीणा के पास बहुत अधिक संपत्ति नहीं है। जिस रकम की बात की जा रही है, वह भी बहुत बड़ी नहीं है।’’
विजयन ने मामले में ईडी के कामकाज के तरीके पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि एजेंसी आम तौर पर अपनी वेबसाइट पर जानकारी जारी करती है, लेकिन इस मामले में उसने प्रेस विज्ञप्ति जारी की।
उन्होंने कहा, ‘‘इस मामले में प्रेस विज्ञप्ति जारी की गई। उसमें मेरा नाम पी. विजयन लिखा गया और यह भी बताया गया कि मैं पूर्व मुख्यमंत्री हूं। ऐसा लिखने की क्या जरूरत थी?’’
विजयन ने आरोप लगाया कि कुछ मीडिया संस्थान बिना किसी सबूत के उनके खिलाफ खबरें प्रकाशित कर रहे हैं। उन्होंने उस खबर के आधार पर भी सवाल उठाया जिसमें दावा किया गया है कि वीणा को मिली रकम उनके पति और राज्य के पूर्व मंत्री मोहम्मद रियास के खाते में भेजी गई थी।
उन्होंने कहा, ‘‘किस सबूत के आधार पर यह खबर प्रकाशित की गई कि वीणा ने मोहम्मद रियास के खाते में पैसे भेजे? क्या उन्हें लगता है कि पिनराई विजयन के खिलाफ कुछ भी किया जा सकता है?’’
विजयन ने कहा कि वीणा ने जांच में सहयोग किया है और भविष्य में भी एजेंसी द्वारा मांगी गई जानकारी देने में उन्हें कोई हिचक नहीं होगी।
ईडी का धनशोधन मामला केरल स्थित खनन कंपनी ‘कोचीन मिनरल्स एंड रूटाइल लिमिटेड’ (सीएमआरएल) और अब बंद हो चुकी कंपनी ‘एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड’ से जुड़ा है। वीणा ‘एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड’ की प्रवर्तक हैं।
यह जांच उन आरोपों से संबंधित है कि सीएमआरएल ने कोई सेवा लिए बिना एक्सालॉजिक को 2.78 करोड़ रुपये का भुगतान किया था।
विजयन ने यह टिप्पणी ईडी की उस प्रेस विज्ञप्ति के दो दिन बाद जारी की है जिसमें एजेंसी ने कहा था कि मई में वीणा के परिसरों की तलाशी के दौरान उसे हाथ से लिखे कुछ नोट मिले थे जिनमें कथित तौर पर दुबई में धन भेजे जाने का ब्योरा था।
एजेंसी ने जांच के सिलसिले में वीणा और सीएमआरएल के निदेशक मंडल के सदस्यों से हाल में कई बार पूछताछ की है।
भाषा सिम्मी पवनेश
पवनेश

Facebook


