दीमापुर (नगालैंड), 30 अगस्त (भाषा) दीमापुर में एक तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से दो किशोरों की मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
दीमापुर पुलिस के जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि यह घटना शनिवार रात वेटरनरी कॉलोनी में हुई जब एक तेज रफ्तार वाहन ने पहले एक मोटरसाइकिल को टक्कर मारी, फिर दूसरी कार को, उसके बाद एक टेंपो को तथा आखिर में दो राहगीरों को रौंद दिया।
पुलिस ने बताया कि दुर्घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान मणिपुर के सेनापति जिले के निवासी मैकागबौ चारेनामाई (15) और कोहिमा निवासी गैसिंलुंग थांगमेई (17) के रूप में हुई है। दोनों वर्तमान में दीमापुर के बर्मा कैंप इलाके में रहते थे।
पुलिस ने बताया कि आरोपी चालक की पहचान बुमई फोम के रूप में हुई है और उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
दीमापुर के पूर्वी थाने में उसके खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
भाषा खारी नरेश
नरेश