बीजिंग, 30 अगस्त (भाषा) चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग 26वें शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए रविवार को किर्गिस्तान पहुंचे। इस सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और एससीओ सदस्य देशों के अन्य नेता भी शामिल होंगे।
सरकारी समाचार एजेंसी ‘शिन्हुआ’ के अनुसार, किर्गिस्तान पहुंचने पर शी ने कहा, ‘‘मैं एससीओ बिश्केक शिखर सम्मेलन में शामिल होने, सभी पक्षों के साथ मिलकर संगठन के 25 साल की विकास यात्रा की समीक्षा, सहयोग की योजनाओं पर चर्चा और इसके भविष्य का निर्माण करने को लेकर उत्साहित हूं।’’
चीन के राष्ट्रपति ने कहा कि वह सभी पक्षों के साथ मिलकर ‘‘संगठन के निरंतर नए विकास को बढ़ावा देने’’ के लिए काम करने को उत्सुक हैं।
शिखर सम्मेलन से इतर शी के कई अन्य एससीओ नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें करने की भी संभावना है। एससीओ का शिखर सम्मेलन 31 अगस्त से एक सितंबर तक आयोजित होगा।
एससीओ के सदस्य देशों में रूस, भारत, ईरान, कजाकिस्तान, किर्गिस्तान, पाकिस्तान, ताजिकिस्तान, उज्बेकिस्तान, बेलारूस और चीन शामिल हैं।
सितंबर महीना में शी चिनफिंग के काफी व्यस्त रहने की संभावना है। उनके 12-13 सितंबर को नयी दिल्ली में होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने की उम्मीद है। इसके बाद वह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ शिखर बैठक के लिए अमेरिका की यात्रा कर सकते हैं।
भाषा आशीष अविनाश
अविनाश