गुवाहाटी, 16 सितंबर (भाषा) असम की नगांव लोकसभा सीट पर छह अक्टूबर को होने वाले उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार देवाशीष शर्मा, कांग्रेस की सिबामोनी बोरा और एआईयूडीएफ प्रमुख बदरुद्दीन अजमल ने बुधवार को अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
भारतीय प्रशासनिक सेवा की (आईएएस) पूर्व अधिकारी शर्मा के साथ नामांकन दाखिल करने जिला आयुक्त कार्यालय पहुंचे प्रमुख नेताओं में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया, मंत्री केशव महंत और पीयूष हजारिका, नगांव के विधायक रूपक शर्मा और पूर्व सांसद प्रद्युम्न बोरदोलोई शामिल थे।
वहीं, पूर्व विधायक बोरा अपना नामांकन दाखिल करने से पहले पार्टी कार्यालय से निकाली गई एक रैली में शामिल हुईं। उनके साथ असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गौरव गोगोई, धुबरी से सांसद रकीबुल हुसैन और पार्टी के कई विधायक मौजूद थे।
धुबरी निर्वाचन क्षेत्र से तीन बार सांसद रह चुके ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ) के प्रमुख बदरुद्दीन अजमल के साथ भी उनकी पार्टी के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
नगांव सीट पर उपचुनाव कांग्रेस के निवर्तमान सांसद प्रद्युम्न बोरदोलोई के लोकसभा सीट और पार्टी से इस्तीफा देकर दिसपुर विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ने के कारण जरूरी हुआ है।
नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया बुधवार को समाप्त हो गई। नामांकनों की जांच बृहस्पतिवार को होगी, जबकि नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 19 सितंबर तय की गई है।
नगांव सीट के लिए मतदान छह अक्टूबर को होगा और मतगणना नौ अक्टूबर को की जाएगी।
भाषा सुमित माधव
माधव