नागपुर कारखाना विस्फोट: मोदी ने मृतकों के परिजनों को दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की
नागपुर कारखाना विस्फोट: मोदी ने मृतकों के परिजनों को दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की
नयी दिल्ली, एक मार्च (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को महाराष्ट्र के नागपुर में विस्फोटक पदार्थ बनाने वाले एक कारखाने में हुए विस्फोट में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की और प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से मृतकों के परिजनों को दो लाख रुपये व घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।
पुलिस ने बताया कि रविवार सुबह नागपुर के राउलगांव में खनन और औद्योगिक विस्फोटक बनाने वाली कंपनी ‘एसबीएल एनर्जी लिमिटेड’ के कारखाने में हुए विस्फोट में कम से कम 17 लोग मारे गए और 18 अन्य मजदूर घायल हो गए।
प्रधानमंत्री मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘महाराष्ट्र के नागपुर में एक कारखाने में हुआ विस्फोट अत्यंत दुखद है। मृतकों के परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की सहायता कर रहा है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘प्रत्येक मृतक के परिजनों को पीएमएनआरएफ की ओर से दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।’’
भाषा गोला जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


