गुजरात के ट्रस्ट से नंदनकानन चिड़ियाघर को मिले 58 वन्यजीव

Ads

गुजरात के ट्रस्ट से नंदनकानन चिड़ियाघर को मिले 58 वन्यजीव

  •  
  • Publish Date - September 12, 2026 / 02:26 PM IST,
    Updated On - September 12, 2026 / 02:26 PM IST

भुवनेश्वर, 12 सितंबर (भाषा) भुवनेश्वर स्थित नंदनकानन प्राणि उद्यान को शनिवार को गुजरात के एक ट्रस्ट से 58 वन्यजीव मिले, जिनमें जेब्रा की एक जोड़ी, कंगारू आदि शामिल हैं। यह जानकारी एक अधिकारी ने दी।

अधिकारी ने बताया कि वन्यजीवों की 14 प्रजातियां गुजरात के राधा कृष्ण टेंपल एलीफेंट वेलफेयर ट्रस्ट (आरकेटीईडब्ल्यूटी) ने दान की हैं।

उन्होंने कहा कि नए वन्यजीवों के शामिल होने के बाद चिड़ियाघर में प्रजातियों की कुल संख्या बढ़कर 188 हो गई है।

अधिकारी ने कहा, ‘‘नए वन्यजीवों के आने से चिड़ियाघर में प्रजातियों की विविधता बढ़ेगी और संरक्षण शिक्षा से जुड़ी गतिविधियों को मजबूती मिलेगी। इससे आगंतुकों को अलग-अलग भौगोलिक क्षेत्रों के वन्यजीवों, उनके पर्यावरण के अनुसार अनुकूलन और जैव विविधता संरक्षण के महत्व को समझने का अवसर मिलेगा।’’

उन्होंने कहा कि तय प्रक्रिया के अनुसार इन वन्यजीवों को चिड़ियाघर में पहले से लागू पशु देखभाल, पशु चिकित्सा और प्रबंधन व्यवस्था के तहत रखा जाएगा, जिसमें उनके कल्याण और वैज्ञानिक प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

भाषा शोभना नेत्रपाल

नेत्रपाल