चेन्नई में शवगृह के अंदर रील बनाने के आरोप में तीन लोग गिरफ्तार

Ads

चेन्नई में शवगृह के अंदर रील बनाने के आरोप में तीन लोग गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - September 12, 2026 / 02:08 PM IST,
    Updated On - September 12, 2026 / 02:08 PM IST

चेन्नई, 12 सितंबर (भाषा) चेन्नई के सरकारी स्टेनली अस्पताल के शवगृह में कथित तौर पर अवैध रूप से प्रवेश कर सोशल मीडिया रील के लिए शवों के वीडियो बनाने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार, व्यासरपाड़ी निवासी सतीशकुमार (25) और धीना उर्फ दिनेशकुमार (30) बृहस्पतिवार को एर्नावुर के रहने वाले अपने सहयोगी और कुख्यात अपराधी आनंद का शव देखने अस्पताल गए थे।

पुलिस ने बताया कि धीना तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) पार्टी से जुड़ा हुआ है।

निषिद्ध क्षेत्र में जाने के लिए दोनों ने कथित तौर पर व्यासरपाड़ी शंकर के जरिए शवगृह के कर्मचारी श्रीनिवासन को 200 रुपये देकर शवगृह की चाबी हासिल की। शंकर अस्पताल में बैटरी चालित वाहन चलाने का काम करता है।

अस्पताल के कर्मचारियों ने दोनों को परिसर के अंदर वीडियो रिकॉर्ड करते हुए देखा और तुरंत चिकित्सा अधिकारियों को इसकी सूचना दी।

इसके बाद डॉ. मलर ने अस्पताल पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई जिसके आधार पर पुलिस ने सतीशकुमार, धीना और शंकर को गिरफ्तार किया।

तीनों आरोपियों को उसी दिन मजिस्ट्रेट अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जमानत मिल गई।

भाषा शुभम सुरभि

सुरभि