न्यूयॉर्क में सिख युवक की हत्या के बाद नापा ने कड़ी कार्रवाई की मांग की
न्यूयॉर्क में सिख युवक की हत्या के बाद नापा ने कड़ी कार्रवाई की मांग की
चंडीगढ़, 23 अगस्त (भाषा) उत्तर अमेरिकी पंजाबी एसोसिएशन (नापा) ने न्यूयॉर्क शहर में रहने वाले 28 वर्षीय गुरदीप सिंह की हत्या पर रविवार को दुख और चिंता जताई। सिंह मूल रूप से पंजाब के कपूरथला जिले के रहने वाले थे।
नापा ने कहा कि बेहतर भविष्य की तलाश में एक दशक से अधिक समय पहले अमेरिका गए गुरदीप सिंह की पिज्जा पहुंचाने के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई।
नापा के कार्यकारी निदेशक सतनाम सिंह चहल ने कहा कि इस घटना को अकेली घटना मानकर नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।
चहल ने कहा, ‘‘ जब भी किसी युवा पंजाबी या सिख की हत्या होती है, एक परिवार बर्बाद हो जाता है। हम बार-बार होने वाली हिंसा को ऐसी चीज नहीं बनने दे सकते, जिसके साथ समुदाय को जीना सीखना पड़े।’’
नापा ने जांच अधिकारियों से हत्या के पीछे की असल वजह का पता लगाने का आग्रह किया और जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से बचने की सलाह दी।
संगठन ने कहा कि यह घटना अमेरिका में पंजाबी और सिख समुदाय के लोगों को कथित तौर पर मिल रही धमकियों, जबरन वसूली और हिंसा से जुड़ी व्यापक चिंताओं को दर्शाती है।
नापा ने कैलिफोर्निया में सामने आए जबरन वसूली के मामलों और जुलाई में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय संगठित अपराध के खिलाफ शुरू की गई संघीय कार्रवाई का भी उल्लेख किया।
संगठन ने विभिन्न राज्यों और अंतरराष्ट्रीय सीमाओं के पार सक्रिय आपराधिक गिरोहों से निपटने के लिए संघीय, राज्य और स्थानीय कानून प्रवर्तन एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय की मांग की।
चहल ने कहा, ‘‘गुरदीप सिंह पीड़ितों की बढ़ती सूची में महज एक और नाम बनकर नहीं रह जाना चाहिए। अब बहुत हो चुका।’’
भाषा शोभना रंजन
रंजन

Facebook


