नयी दिल्ली, छह मार्च (भाषा) महिलाओं की शिकायतों को सुनने और उनका त्वरित निवारण सुनिश्चित करने के लिए राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) आठ से 14 मार्च के बीच लगभग 500 जिलों में राष्ट्रव्यापी ‘जन सुनवाई’ का आयोजन करेगा। आयोग की अध्यक्ष विजया किशोर रहाटकर ने यहां शुक्रवार को यह जानकारी दी।
रहाटकर ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य देश भर की महिलाओं के लिए सुनवाई को सुलभ बनाकर आयोग के शिकायत निवारण तंत्र का विस्तार करना है।
उन्होंने कहा कि सुनवाई एनसीडब्ल्यू और राज्य महिला आयोगों द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित की जाएगी और यह कदम पहुंच को व्यापक बनाने और महिलाओं के लिए न्याय, सुरक्षा और समान अवसर सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उठाया गया है।
रहाटकर ने कहा, “इस अभियान के तहत अधिकांश राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लगभग 500 जिलों में सुनवाई आयोजित की जाएगी जहां मौके पर मामलों के निस्तारण सहित 15,000 से अधिक मामलों पर सुनवाई होने की उम्मीद है।”
उन्होंने आगे कहा कि चुनावों के कारण कुछ राज्य इस कार्यक्रम की मेजबानी नहीं कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि जिलों का चयन प्राप्त शिकायतों की संख्या और दूरस्थ एवं पहाड़ी क्षेत्रों तक पहुंचने की आवश्यकता जैसे कारकों के आधार पर किया गया है जहां शिकायत निवारण तंत्र तक पहुंच सीमित है।
रहाटकर ने बताया कि वह स्वयं सुनवाई में शामिल होंगी, और अभियान की शुरुआत नौ मार्च को राजस्थान के जयपुर में होगी। इसके बाद वह 10 मार्च को गुजरात के वडोदरा, 11 मार्च को मध्य प्रदेश के भोपाल, 12 मार्च को तेलंगाना के मेडचल-मलकाजगिरि, 13 मार्च को झारखंड के देवघर और 14 मार्च को दुमका का दौरा करेंगी।
भाषा
प्रशांत नरेश
नरेश