चेन्नई, छह मार्च (भाषा) तमिलनाडु में 16 मार्च को होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए छह उम्मीदवारों के नामांकन पत्रों को शुक्रवार को जांच के बाद स्वीकार कर लिया गया। इसमें द्रमुक गठबंधन के चार और विपक्षी अन्नाद्रमुक गठबंधन के दो उम्मीदवार शामिल हैं। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
राज्यसभा चुनाव के लिए पांच मार्च को नामांकन पत्र जमा करने वाले छह उम्मीदवारों के कागजात जांच के बाद स्वीकार कर लिए गए।
इन उम्मीदवारों में द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम (द्रमुक) के त्रिची एन शिवा और जे कॉन्स्टेंटाइन रवींद्रन, कांग्रेस के एम क्रिस्टोफर तिलक, डीएमडीके के एलके सुदीश, ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के एम थंबीदुरई और पीएमके के अंबुमनी रामदास शामिल हैं।
अधिकारी ने कहा कि पी स्वामीनाथन (पीएमके संस्थापक एस रामदास गुट) का नामांकन पत्र खारिज कर दिया गया है।
सभी छह उम्मीदवारों के निर्विरोध निर्वाचित होने की संभावना है।
भाषा तान्या अविनाश
अविनाश