असम विधानसभा चुनावों के लिए राजग में सीट बंटवारे समझौते पर ‘सहमति बनी’ : हिमंत

असम विधानसभा चुनावों के लिए राजग में सीट बंटवारे समझौते पर ‘सहमति बनी’ : हिमंत

असम विधानसभा चुनावों के लिए राजग में सीट बंटवारे समझौते पर ‘सहमति बनी’ : हिमंत
Modified Date: February 22, 2026 / 07:00 pm IST
Published Date: February 22, 2026 7:00 pm IST

(तस्वीर के साथ)

गुवाहाटी, 22 फरवरी (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने रविवार को कहा कि राज्य में आगामी विधानसभा चुनावों के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक दलों के बीच सीट साझा करने पर “सहमति बन चुकी है”।

असम में राजग के घटक दलों में से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), असम गण परिषद (एजीपी), यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल (यूपीपीएल) और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) के मौजूदा विधानसभा में सदस्य हैं। राभा हासोंग जौथा संग्राम समिति (आरएचजेएसएस) और जनशक्ति पार्टी (जेपी) भी राजग का हिस्सा हैं, लेकिन राज्य विधानसभा में उनका कोई सदस्य नहीं है।

हिमंत ने यहां भाजपा मुख्यालय में संवाददाताओं से बातचीत में कहा, “हमारे गठबंधन में सहमति बन चुकी है। हम जानते हैं कि कौन कहां से चुनाव लड़ेगा; इस बारे में समझौता हो चुका है। गठबंधन बनाने में कोई दिक्कत नहीं है।”

उन्होंने कहा, “सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद प्रदेश नेतृत्व संभावित उम्मीदवारों की सूची के साथ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात करेगा।”

हिमंत ने सात जनवरी को कहा था कि भाजपा अपने सहयोगी दलों के साथ सीट साझा करने के समझौते को 15 फरवरी तक अंतिम रूप दे सकती है। उन्होंने हालांकि, पिछले साल पांच दिसंबर को कहा था कि समझौते को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया 15 जनवरी तक पूरी होने की उम्मीद है।

असम की 126 सदस्यीय विधानसभा के लिए मार्च-अप्रैल में चुनाव होने की संभावना है। यह 2023 में हुए परिसीमन के बाद राज्य में पहला विधानसभा चुनाव होगा।

परिसीमन के बाद कई सीटों और उनकी भौगोलिक सीमाओं में बदलाव आया है, जबकि कुछ अनारक्षित सीटें आरक्षित हो गईं और कुछ आरक्षित सीटें अनारक्षित हो गईं। इससे सत्ताधारी और विपक्षी गठबंधनों के भीतर जटिलताएं पैदा हो गई हैं।

असम विधानसभा में मौजूदा समय में भाजपा के 64, एजीपी के नौ, यूपीपीएल के सात और बीपीएफ के तीन सदस्य हैं।

विपक्ष की बात करें तो राज्य विधानसभा में कांग्रेस के 26, ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ) के 15 और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) का एक विधायक है। असम विधानसभा में एक निर्दलीय विधायक भी है।

भाषा पारुल प्रशांत

प्रशांत


लेखक के बारे में