दिल्ली में हवा में गोली चलाने को लेकर एनडीएमसी इंजीनियर गिरफ्तार
दिल्ली में हवा में गोली चलाने को लेकर एनडीएमसी इंजीनियर गिरफ्तार
नयी दिल्ली, 10 सितंबर (भाषा) दिल्ली के राजेंद्र नगर इलाके में शराब के नशे में हवा में गोली चलाने के आरोप में एनडीएमसी की एक परियोजना से जुड़े 29 वर्षीय कनिष्ठ अभियंता को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकार दी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बीट कर्मी को बुधवार देर रात करीब दो बजे राजेंद्र नगर के बड़ा बाजार में हवा में गोली चलाए जाने की सूचना मिली जिसके बाद गगन दीप सिंह को पकड़ लिया गया।
पुलिस ने एक बयान में कहा कि ओल्ड राजेंद्र नगर निवासी सिंह नयी दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) की एक परियोजना में कनिष्ठ अभियंता के रूप में काम करता है। वह मूल रूप से उत्तराखंड के हरिद्वार के कनखल का रहने वाला है।
इसके मुताबिक, सिंह सफेद रंग की कार में यात्रा कर रहा था।
पुलिस ने बताया कि आरोपी ने काफी मात्रा में शराब पी रखी थी और वह नशे में धुत था।
बयान में कहा गया है कि उसके कब्जे से एक .32 बोर की लाइसेंसी रिवॉल्वर, सात कारतूस और दो खाली खोखे बरामद किए गए।
प्रारंभिक जांच से पता चला है कि सिंह ने बिना किसी कारण के हवा में गोली चलाई और घटना के समय वह शराब के अत्यधिक नशे में था। इसमें कहा गया है कि अब तक गोलीबारी का कोई कारण स्थापित नहीं हुआ है।
पुलिस ने कहा कि मामला दर्ज कर सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।
भाषा नोमान नोमान रंजन
रंजन

Facebook


