नेपाल गए तमिलनाडु के करीब 100 लोग अब भी लापता: राजमोहन
नेपाल गए तमिलनाडु के करीब 100 लोग अब भी लापता: राजमोहन
चेन्नई, 30 अगस्त (भाषा) तमिलनाडु सरकार के सूचना मंत्री ए. राजमोहन ने कहा है कि तमिलनाडु से नेपाल गए लगभग 319 लोगों में से करीब 100 लोग वहां अचानक आई बाढ़ के बाद से लापता हैं और उनका कोई पता नहीं चल पाया है, वहीं 219 लोग सुरक्षित हैं।
नेपाल और चीन में उसके पास के इलाकों में फंसे तमिलनाडु के तीर्थयात्रियों को वापस लाने के लिए उठाए गए कदमों के बारे में बताते हुए राजमोहन ने कहा कि पिछले तीन दिन से वह और उनके कैबिनेट सहयोगी, मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के निर्देश पर बचाव कार्यों में समन्वय के लिए दिल्ली में थे।
विदेश सचिव के साथ हुई बातचीत का ज़िक्र करते हुए राजमोहन ने कहा कि बाढ़ से तबाही मचने से पहले 319 लोग अलग-अलग समूहों में नेपाल के विभिन्न क्षेत्रों की यात्रा पर गए थे।
उन्होंने कहा कि 319 लोगों में से लगभग 219 सुरक्षित हैं और बाकी लोग अब भी लापता हैं।
कृषि मंत्री आर. विनोद की मौजूदगी में शनिवार देर रात चेन्नई हवाई अड्डे पर पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘यह एक अंतरराष्ट्रीय संकट है, एक बहुत बड़ी आपदा है, और इसकी गंभीरता बहुत ज़्यादा है।’’
फिलहाल, गैर-निवासी तमिल कल्याण मंत्री के. थेन्नारासु बचाव कार्यों के सिलसिले में दिल्ली में ही रुके हुए हैं।
भाषा वैभव रंजन
रंजन

Facebook


