वर्ष 2010 से भारत, पाकिस्तान और बांग्लादेश से लगभग 1.9 करोड़ लोग खाड़ी देशों में बसे: अध्ययन
वर्ष 2010 से भारत, पाकिस्तान और बांग्लादेश से लगभग 1.9 करोड़ लोग खाड़ी देशों में बसे: अध्ययन
नयी दिल्ली, 11 जून (भाषा) वर्ष 2010 से अब तक भारत, पाकिस्तान और बांग्लादेश से लगभग 1.9 करोड़ लोग सऊदी अरब, कतर, बहरीन और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में बस गए हैं।
लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स एंड पॉलिटिकल साइंस (एलएसई), इंटरनेशनल इंस्टिट्यूट फॉर एप्लाइड सिस्टम्स एनालिसिस (आईआईएएसए), ऑस्ट्रिया और हांगकांग विश्वविद्यालय के शोधकर्ताओं ने कहा कि यह डेटा 1990 के बाद से मेक्सिको से अमेरिका की ओर हुए 1.36 करोड़ लोगों के पलायन की तुलना के आधार पर संकलित किया गया है।
‘नेचर’ पत्रिका में प्रकाशित वैश्विक प्रवासन आंकड़ों के अनुसार, पश्चिम एशिया में दक्षिण एशिया और फिलीपीन से सबसे अधिक प्रवासी पहुंचे, जिनमें 2010 के बाद से बांग्लादेश से सऊदी अरब में प्रति वर्ष औसतन तीन लाख लोगों का प्रवासन शामिल है।
रिपोर्ट के सह-लेखक एवं आईआईएएसए के ‘पॉपुलेशन एंड जस्ट सोसाइटीज प्रोग्राम’ के पलायन एवं सतत विकास अनुसंधान समूह के शोध विद्वान गुय एबेल ने कहा, ‘‘हमारे वार्षिक आंकड़े एक स्पष्ट तस्वीर पेश करते हैं, जिससे पता चलता है कि यह (प्रवासन की) दर वास्तव में 2000 के बाद से बढ़ी है।’’
शोधकर्ताओं ने कहा कि उन्होंने 1990-2023 की अवधि के लिए सभी देशों के बीच प्रवासन प्रवाह का पहला डेटासेट तैयार किया है, जो वैश्विक आवाजाही की पारंपरिक आंकड़ों की तुलना में अधिक विस्तृत तस्वीर पेश करता है, क्योंकि पारंपरिक आंकड़े काफी बिखरे हुए हैं।
अध्ययन में कहा गया, ‘‘हमारा अनुमान है कि 2010 से अब तक कुल 1.9 करोड़ लोग, यानी औसतन 13.5 लाख लोग प्रति वर्ष, भारत, पाकिस्तान और बांग्लादेश से सऊदी अरब, कतर, बहरीन तथा यूएई की ओर पलायन कर चुके हैं।’’
भाषा
नेत्रपाल माधव
माधव

Facebook


