ओडिशा में नीट अभ्यर्थी ने असफलता के डर से आत्महत्या की

ओडिशा में नीट अभ्यर्थी ने असफलता के डर से आत्महत्या की

ओडिशा में नीट अभ्यर्थी ने असफलता के डर से आत्महत्या की
Modified Date: May 7, 2026 / 06:48 pm IST
Published Date: May 7, 2026 6:48 pm IST

भुवनेश्वर, सात मई (भाषा) ओडिशा के भद्रक जिले में बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) की तैयारी करने वाला 19 वर्षीय युवक अपने घर पर फंदे पर लटका मिला। पुलिस ने यह जानाकरी दी।

पुलिस के अनुसार, मृतक के परिवार का आरोप है कि उसने तीन मई को हुई मेडिकल प्रवेश परीक्षा में असफल होने के डर से आत्महत्या कर ली।

उसने बताया मृतक की पहचान ज्योति प्रकाश बारिक के रूप मे हुई है। वह तिहिडी प्रखंड के नुंदा गांव का रहने वाला था।

पुलिस के अनुसार, वह भद्रक टाउन पुलिस स्टेशन क्षेत्र में अपने किराए के मकान की छत से लटका मिला। हालांकि उसे भद्रक जिला मुख्यालय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने बताया कि भद्रक शहर पुलिस ने इस संबंध में अप्राकृतिक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, वहीं मृतक के परिवार के सदस्यों ने कहा कि रविवार को परीक्षा में शामिल होने के बाद से वह गहरे मानसिक तनाव में था।

ज्योति पिछले साल नीट की परीक्षा में सफल नहीं हो पाया था लेकिन इस बार उसे इसके सफल होने की उम्मीद थी।

नीट-यूजी एमबीबीएस, बीडीएस, आयुष और बीएससी नर्सिंग सहित स्नातक चिकित्सा पाठ्यक्रमों के लिए प्रतिवर्ष आयोजित की जाने वाली एक राष्ट्रीय स्तर की प्रवेश परीक्षा है।

परिवार के सदस्यों का दावा है कि उसके पिता अपनी आजीविका के लिए चाय की दुकान चलाते हैं और उन्होंने अपने बेटे की कोचिंग के लिए करीब तीन लाख रुपये खर्च किए थे।

उसके पिता ने कहा, ‘एक और विफलता के डर से शायद उसने आत्महत्या कर ली।’

पत्रकारों से बात करते हुए परिवार के सदस्यों ने कहा कि कल रात जब यह घटना हुई तब ज्योति प्रकाश घर पर अकेला था।

भाषा प्रचेता रंजन

रंजन


लेखक के बारे में