नीट पेपर लीक: अदालत ने कुलकर्णी की पुलिस हिरासत दो दिन बढ़ायी
नीट पेपर लीक: अदालत ने कुलकर्णी की पुलिस हिरासत दो दिन बढ़ायी
नयी दिल्ली, 25 मई (भाषा) दिल्ली की एक अदालत ने नीट पेपर लीक मामले में कथित मुख्य साजिशकर्ता प्रह्लाद विट्ठलराव कुलकर्णी की पुलिस हिरासत सोमवार को दो दिन के लिए बढ़ा दी जबकि एक अन्य आरोपी मनीषा संजय वाघमारे को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
विशेष सीबीआई न्यायाधीश अजय गुप्ता ने यह आदेश 10 दिन की हिरासत समाप्त होने पर उन्हें अदालत में पेश किए जाने के बाद दिया जो 16 मई को मंजूर की गई थी।
सीबीआई के अनुसार, कुलकर्णी पुणे में रसायन विज्ञान का लेक्चरर है और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) की ओर से नीट प्रक्रिया से जुड़ा था जिससे उसे प्रश्नपत्रों तक पहुंच प्राप्त थी।
एजेंसी ने पहले बताया था कि अप्रैल के अंतिम सप्ताह में कुलकर्णी ने वाघमारे की मदद से छात्रों को जुटाया और पुणे स्थित अपने घर पर उनके लिए विशेष कोचिंग कक्षाएं आयोजित कीं।
यह घटनाक्रम पुणे की एक भौतिकी लेक्चरर मनीषा संजय हवलदार को इससे पहले दिन में छह दिन की सीबीआई हिरासत में भेजे जाने के बाद हुआ। हवलदार इस मामले में 11वीं गिरफ्तार आरोपी है।
अन्य आरोपियों में शामिल हैं— शुभम खैरनार (नासिक से गिरफ्तार), मंगीलाल खटीक, विकास और दिनेश बिवाल (तीनों जयपुर से गिरफ्तार), यश यादव (गुरुग्राम से गिरफ्तार) और धनंजय लोखंडे (अहिल्यानगर, महाराष्ट्र से गिरफ्तार)।
सोलह मई को सीबीआई ने जीव विज्ञान लेक्चरर मनीषा मंधारे को गिरफ्तार किया था, जो एनटीए की पेपर सेटिंग समिति का हिस्सा थी। मनीषा मंढारे को अगले दिन 14 दिन की सीबीआई हिरासत में भेजा गया।
एक अन्य आरोपी एवं लातूर स्थित रेनुकाई करियर सेंटर (आरसीसी) संस्थापक शिवराज रघुनाथ को गिरफ्तार करके 18 मई को नौ दिन की सीबीआई हिरासत में भेजा गया था।
बारह मई को एनटीए ने मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट (यूजी) को पेपर लीक के आरोपों के बीच रद्द कर दिया था और 21 जून को पुनः परीक्षा निर्धारित की गई है। नीट (यूजी) परीक्षा तीन मई को आयोजित हुई थी।
भाषा अमित नरेश
नरेश

Facebook


