नीट प्रश्नपत्र लीक: अदालत ने कुलकर्णी व वाघमारे को 10 दिनों की सीबीआई हिरासत में भेजा

नीट प्रश्नपत्र लीक: अदालत ने कुलकर्णी व वाघमारे को 10 दिनों की सीबीआई हिरासत में भेजा

नीट प्रश्नपत्र लीक: अदालत ने कुलकर्णी व वाघमारे को 10 दिनों की सीबीआई हिरासत में भेजा
Modified Date: May 16, 2026 / 08:26 pm IST
Published Date: May 16, 2026 8:26 pm IST

नयी दिल्ली, 16 मई (भाषा) दिल्ली की एक अदालत ने नीट प्रश्नपत्र लीक मामले के कथित सरगना पी वी कुलकर्णी और एक अन्य आरोपी मनीषा वाघमारे को शनिवार को 10 दिनों के लिए सीबीआई हिरासत में भेज दिया।

विशेष सीबीआई न्यायाधीश अजय गुप्ता ने केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) के इस अनुरोध पर कुलकर्णी और वाघमारे को सीबीआई हिरासत में भेज दिया कि आगे की जांच के लिए दोनों को राष्ट्रीय राजधानी से बाहर ले जाने की आवश्यकता है और बड़ी साजिश की पड़ताल की जानी है।

विशेष लोक अभियोजक नीतू गुप्ता अदालत में सीबीआई की ओर से पेश हुईं और दोनों आरोपियों से पूछताछ के लिए 14 दिन की हिरासत की मांग की।

सुनवाई के दौरान सीबीआई ने कहा कि कुलकर्णी विषय विशेषज्ञ था तथा 2026 के नीट यूजी प्रश्न पत्र को तैयार करने में शामिल था।

सीबीआई ने कहा कि सह-आरोपी धनंजय लोखंडे ने मनीषा वाघमारे से लीक हुई सामग्री (प्रश्नपत्र) प्राप्त की थी।

ब्यूरो और आरोपियों के वकील की विस्तृत दलीलों पर विचार करने के बाद अदालत ने दोनों को 10 दिनों के लिए सीबीआई की हिरासत में भेज दिया।

सीबीआई के अनुसार, कुलकर्णी एनटीए की ओर से परीक्षा प्रक्रिया में शामिल रसायन विज्ञान का व्याख्याता था और उसकी प्रश्न पत्रों तक पहुंच थी।

सीबीआई ने इससे पहले कहा था कि इस साल अप्रैल के आखिरी सप्ताह में कुलकर्णी ने वाघमारे की मदद से विद्यार्थियों को एकजुट किया था और पुणे में अपने आवास पर उनके लिए विशेष कोचिंग कक्षाएं आयोजित की थीं।

ब्यूरो ने आरोप लगाया था, ‘‘उसने इन विशेष कोचिंग कक्षाओं के दौरान प्रश्नों के साथ-साथ विकल्प और सही उत्तर भी लिखवाए थे। इस प्रकार लिखवाए गए प्रश्न विद्यार्थियों ने अपनी नोटबुक में हाथ से लिखे थे और तीन मई को आयोजित नीट यूजी 2026 परीक्षा के वास्तविक प्रश्न पत्र से बिल्कुल मेल खाते हैं।’’

इससे पहले शुक्रवार को अदालत ने आरोपी धनंजय लोखंडे को छह दिनों के लिए सीबीआई हिरासत में भेज दिया था।

बृहस्पतिवार को नासिक के शुभम खैरनार, जयपुर के मंगिलाल बिवाल, विकास बिवाल और दिनेश बिवाल तथा गुरुग्राम के यश यादव को 20 मई तक सीबीआई हिरासत में भेजा गया था।

मेडिकल कॉलेजों में स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए तीन मई को आयोजित नीट यूजी 2026 परीक्षा को मंगलवार को प्रश्नपत्र लीक के आरोपों के बीच रद्द कर दिया गया।

सरकार ने सीबीआई को ‘अनियमितताओं’ की व्यापक जांच करने का निर्देश दिया था।

भाषा

राजकुमार पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में