नीट प्रश्नपत्र लीक: दिल्ली अदालत ने लोखंडे को छह दिन की सीबीआई हिरासत में भेजा

नीट प्रश्नपत्र लीक: दिल्ली अदालत ने लोखंडे को छह दिन की सीबीआई हिरासत में भेजा

नीट प्रश्नपत्र लीक: दिल्ली अदालत ने लोखंडे को छह दिन की सीबीआई हिरासत में भेजा
Modified Date: May 15, 2026 / 04:17 pm IST
Published Date: May 15, 2026 4:17 pm IST

नयी दिल्ली, 15 मई (भाषा) दिल्ली की एक अदालत ने बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातक (नीट-यूजी) का प्रश्नपत्र लीक होने के मामले के आरोपी धनंजय लोखंडे को छह दिन की सीबीआई हिरासत में भेज दिया।

विशेष सीबीआई न्यायाधीश अजय गुप्ता ने एजेंसी की उस याचिका को स्वीकार कर लिया, जिसमें लोखंडे को पूछताछ के लिए छह दिन की हिरासत में सौंपने का अनुरोध किया गया था। लोखंडे को महाराष्ट्र के अहिल्यानगर से गिरफ्तार किया गया था और ट्रांजिट रिमांड पर अदालत में लाया गया था।

सुनवाई के दौरान, केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने बताया कि लोखंडे ने लीक प्रश्नपत्र सह-आरोपी शुभम को दिया था, जो उसे एक अन्य आरोपी मनीषा बाघमारे से मिला था।

केंद्रीय जांच एजेंसी ने कहा कि बड़ी साजिश का पर्दाफाश करना जरूरी है और जांच अभी शुरुआती चरण में है।

लोखंडे के वकील ने कहा कि उन्हें गिरफ्तारी के कारण नहीं बताए गए और उनसे सादे कागज पर हस्ताक्षर करवाए गए। इससे पहले दिन में अदालत ने पांच अन्य आरोपियों को सात दिन की सीबीआई हिरासत में भेज दिया।

ये पांच आरोपी नासिक के शुभम खैरनार, जयपुर के मांगीलाल बिवाल, विकास बिवाल और दिनेश बिवाल और गुरुग्राम के यश यादव हैं।

मेडिकल कॉलेजों में दाखिले के वास्ते वर्ष 2026 के लिए नीट-यूजी का आयोजन तीन मई को हुआ था, लेकिन प्रश्नपत्र लीक होने के आरोपों पर इस परीक्षा को गत मंगलवार को रद्द कर दिया गया था।

सरकार ने सीबीआई को ‘अनियमितताओं’ की व्यापक जांच करने का निर्देश दिया।

भाषा

संतोष दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में