नीट प्रश्नपत्र लीक मामला: दो आरोपियों को पांच दिन के लिए सीबीआई की हिरासत में भेजा गया

नीट प्रश्नपत्र लीक मामला: दो आरोपियों को पांच दिन के लिए सीबीआई की हिरासत में भेजा गया

नीट प्रश्नपत्र लीक मामला: दो आरोपियों को पांच दिन के लिए सीबीआई की हिरासत में भेजा गया
Modified Date: May 27, 2026 / 06:48 pm IST
Published Date: May 27, 2026 6:48 pm IST

नयी दिल्ली, 27 मई (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी की एक विशेष अदालत ने राष्ट्रीय पात्रता-सह-प्रवेश परीक्षा-स्नातक (नीट-यूजी) प्रश्नपत्र लीक मामले में गिरफ्तार लातूर के एक बाल रोग विशेषज्ञ और भौतिकी (फिजिक्स) के एक शिक्षक को बुधवार को पांच दिन के लिए केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की हिरासत में भेज दिया।

कार्यवाहक ड्यूटी मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट की भूमिका निभा रहे विशेष न्यायाधीश विद्या प्रकाश ने सीबीआई की उस याचिका पर सुनवाई की, जिसमें दोनों आरोपियों- डॉ. मनोज शिरुरे तथा शिक्षक तेजस हर्षदकुमार शाह, से पांच दिन और पूछताछ की अनुमति देने का अनुरोध किया गया था। अदालत ने यह याचिका स्वीकार कर ली।

अब दोनों आरोपियों को एक जून को अदालत के समक्ष पेश किया जाएगा।

एजेंसी ने लातूर के चिकित्सक मनोज शिरूरे को नीट प्रश्नपत्र तय करने वाले पी. वी. कुलकर्णी से रसायन विज्ञान के प्रश्न उपलब्ध कराने में तीन छात्रों की मदद के मामले में “मुख्य भूमिका” निभाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।

इन तीन छात्रों में महाराष्ट्र के लातूर में रेणुका केमिस्ट्री क्लासेज (आरसीसी) के संचालक शिवराज रघुनाथ मोटेगांवकर का बेटा भी शामिल था।

मोटेगांवकर को इस मामले में पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

इसके अलावा, पुणे स्थित कोचिंग सेंटर डॉ. अभांग प्रभु मेडिकल अकेडमी (एपीएमए) में भौतिकी के शिक्षक तेजस हर्षदकुमार शाह को भी इस मामले में गिरफ्तार किया गया है।

शाह पर आरोप है कि उसे गिरफ्तार आरोपी मनीषा हवलदार से नीट-यूजी 2026 के भौतिकी के प्रश्न प्राप्त हुए थे।

राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने तीन मई को नीट-यूजी आयोजित की थी। हालांकि प्रश्नपत्र लीक होने के आरोप लगने के बाद 12 मई को परीक्षा रद्द कर दी गई। अब 21 जून को दोबारा परीक्षा आयोजित की जाएगी।

भाषा जोहेब सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में