नीट विवाद: सिद्धरमैया ने राहुल गांधी की ‘धर्मेंद्र प्रधान को बर्खास्त करो’ की मांग का समर्थन किया
नीट विवाद: सिद्धरमैया ने राहुल गांधी की 'धर्मेंद्र प्रधान को बर्खास्त करो' की मांग का समर्थन किया
बेंगलुरु, 16 मई (भाषा) कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने शनिवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी की उस मांग का समर्थन किया जिसमें उन्होंने नीट के प्रश्न पत्र लीक विवाद के बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तत्काल बर्खास्त करने को कहा था।
राहुल गांधी ने मांग की थी कि मोदी को प्रधान को तुरंत बर्खास्त करना चाहिए या खुद जिम्मेदारी लेनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया था कि ‘भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के गठजोड़’ ने भारत की शिक्षा प्रणाली को बर्बाद कर दिया है।
सिद्धरमैया ने कहा, ‘कर्नाटक के एक लाख से अधिक छात्रों सहित 22 लाख से अधिक छात्रों ने चिकित्सा शिक्षा में उचित अवसर मिलने की उम्मीद में नीट दिया था।’
उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया कि नरेन्द्र मोदी सरकार निष्पक्ष और सुरक्षित परीक्षा कराने में विफल रही, जिसकी वजह से अभ्यर्थियों को अनिश्चितता की स्थिति में धकेल दिया गया है।
उन्होंने कहा, ‘विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने स्पष्ट मांग रखी है। शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तत्काल बर्खास्त करो।’
राष्ट्रीय पात्रता-सह-प्रवेश परीक्षा (नीट-स्नातक) तीन मई को आयोजित की गई थी, लेकिन पश्न पत्र लीक होने के आरोपों के बाद इसे रद्द कर दिया गया।
भाषा प्रचेता प्रशांत
प्रशांत

Facebook


