कोटा में नीट की तैयारी कर रहे छात्र की छात्रावास की चौथी मंजिल से गिरकर मौत
कोटा में नीट की तैयारी कर रहे छात्र की छात्रावास की चौथी मंजिल से गिरकर मौत
कोटा, 2 मई (भाषा) राजस्थान के कोटा में मेडिकल प्रवेश परीक्षा ‘नीट’ की तैयारी कर रहे उत्तराखंड के एक छात्र की शनिवार सुबह छात्रावास की चौथी मंजिल से कथित तौर पर गिरने से मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, यह घटना कुन्हाड़ी थाना क्षेत्र के लैंडमार्क सिटी इलाके में हुई। मृतक छात्र की पहचान उत्तराखंड के अल्मोड़ा निवासी 20 वर्षीय दीक्षित राजेश्वरी के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, वह पिछले दो वर्षों से यहां एक कोचिंग संस्थान में राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) की तैयारी कर रहा था।
पुलिस अधिकारी देवेश भारद्वाज ने बताया कि राजेश्वरी लैंडमार्क सिटी स्थित अपने छात्रावास की चौथी मंजिल पर एक कमरे में रहता था और वह वहीं से नीचे गिर गया। घटना की सूचना सुबह करीब सात बजे मिली, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
भारद्वाज ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। जिसके बाद छात्र को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अधिकारी के अनुसार, शव को एमबीएस अस्पताल के मुर्दाघर में रखवाया गया है तथा छात्र के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। परिजनों के कोटा पहुंचने पर शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
नीट की परीक्षा रविवार यानी तीन मई को आयोजित होने वाली है।
भाषा प्रचेता वैभव
वैभव

Facebook


