सुरक्षा संबंधी मुद्दों पर लापरवाही जारी: लिफ्ट हादसे में व्यक्ति की मौत पर आरजी कर पीड़िता की मां
सुरक्षा संबंधी मुद्दों पर लापरवाही जारी: लिफ्ट हादसे में व्यक्ति की मौत पर आरजी कर पीड़िता की मां
कोलकाता, 21 मार्च (भाषा) आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में बलात्कार के बाद मार दी गई चिकित्सक की मां ने शनिवार को आरोप लगाया कि अस्पताल में लिफ्ट की खराबी के कारण एक व्यक्ति की मौत से पता चलता है कि अधिकारी अभी भी सुरक्षा के मुद्दों पर लापरवाही बरत रहे हैं।
अरूप बनर्जी (40) की शुक्रवार को अस्पताल में खराब लिफ्ट में फंसने के कारण मौत हो गई। विधानसभा चुनाव से पहले इस घटना ने राजनीतिक विवाद को जन्म दिया है, जिसमें विपक्षी दल भाजपा ने लापरवाही का आरोप लगाया है।
इस घटना पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए आरजी कर बलात्कार-हत्याकांड मामले की पीड़िता की मां ने इस मौत को ‘बेहद निंदनीय’ बताया और इतनी बड़ी स्वास्थ्य संस्था के संचालन को लेकर अस्पताल प्रशासन पर सवाल उठाया।
उन्होंने कहा, ‘इसके बाद भी क्या अधिकारी इस तरह के विशेष अस्पताल को चलाने में सक्षम हैं? मैं इसे दुर्घटना नहीं कहूंगी। वहां कोई लिफ्ट का संचालन करने वाला नहीं था। लोग अंदर फंस गए थे, लेकिन मदद के लिए कोई आगे नहीं आया।’
उन्होंने हैरानी जताते हुए दावा किया कि पीड़ित की पत्नी और बच्चे ने मदद के लिए गुहार लगाई थी, लेकिन उन्हें तत्काल कोई सहायता नहीं मिली।
अपनी इकलौती बेटी के लिए न्याय की लड़ाई लड़ रही महिला ने कहा कि इस घटना ने अस्पताल परिसर के भीतर मरीजों, चिकित्सकों और अन्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में ‘लगातार हो रही लापरवाही’ को उजागर किया है।
नौ अगस्त 2024 को युवा चिकित्सक के साथ हुए क्रूर बलात्कार और उसके बाद की गई हत्या ने पूरे देश में आक्रोश पैदा कर दिया और अस्पताल में सुरक्षा और प्रशासनिक निगरानी को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा कर दीं।
भाषा
शुभम पवनेश
पवनेश

Facebook


