जम्मू से अमरनाथ यात्रा के लिए 1,795 श्रद्धालुओं का नया जत्था रवाना

जम्मू से अमरनाथ यात्रा के लिए 1,795 श्रद्धालुओं का नया जत्था रवाना

जम्मू से अमरनाथ यात्रा के लिए 1,795 श्रद्धालुओं का नया जत्था रवाना
Modified Date: July 30, 2026 / 12:39 pm IST
Published Date: July 30, 2026 12:39 pm IST

जम्मू, 30 जुलाई (भाषा) दक्षिण कश्मीर के हिमालयी क्षेत्र में 3,880 मीटर की ऊंचाई पर स्थित अमरनाथ गुफा मंदिर के लिए 1,700 से अधिक श्रद्धालुओं का एक नया जत्था बृहस्पतिवार तड़के कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जम्मू आधार शिविर से रवाना हुआ। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, अब तक 4.40 लाख से अधिक श्रद्धालु पवित्र गुफा में भगवान शिव के हिमलिंगम के दर्शन कर चुके हैं।

उन्होंने बताया कि 23वें जत्थे में 1,406 पुरुष और 389 महिलाएं सहित कुल 1,795 श्रद्धालु शामिल हैं। यह जत्था 82 वाहनों में सवार होकर तड़के करीब 2.50 बजे भगवती नगर आधार शिविर से बालटाल के लिए रवाना हुआ।

अधिकारियों ने बताया कि आज के जत्थे के रवाना होने के साथ ही इस वर्ष की अमरनाथ यात्रा के लिए जम्मू आधार शिविर से प्रस्थान करने वाले श्रद्धालुओं की कुल संख्या बढ़कर 1,32,150 हो गई है।

उन्होंने कहा कि इस वर्ष यात्रा के लिए रवाना हुआ यह अब तक का सबसे छोटा जत्था है। इससे पहले बुधवार को 2,051, मंगलवार को 3,029 और सोमवार को 3,800 श्रद्धालु जम्मू से अमरनाथ गुफा मंदिर के लिए रवाना हुए थे।

कुल 57 दिनों तक चलने वाली वार्षिक अमरनाथ यात्रा 28 अगस्त को संपन्न होगी।

खराब मौसम के कारण 19 जुलाई से 24 जुलाई तक छह दिनों के लिए स्थगित रहने के बाद यात्रा 25 जुलाई को फिर शुरू हुई थी।

भाषा

मनीषा सिम्मी

सिम्मी


लेखक के बारे में