बंगाल में नयी भाजपा सरकार का शपथग्रहण नौ मई को होगा, मोदी, शाह के शामिल होने की संभावना
बंगाल में नयी भाजपा सरकार का शपथग्रहण नौ मई को होगा, मोदी, शाह के शामिल होने की संभावना
कोलकाता, छह मई (भाषा) भाजपा की पश्चिम बंगाल इकाई के प्रमुख समिक भट्टाचार्य ने बुधवार को कहा कि राज्य में भाजपा की पहली सरकार का शपथग्रहण समारोह नौ मई को ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा ने प्रचंड जीत दर्ज करते हुए तृणमूल कांग्रेस के 15 साल के शासन का अंत कर दिया।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, सुबह 10 बजे शुरू होने वाले शपथग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन और कई केंद्रीय मंत्रियों के उपस्थित रहने की उम्मीद है।
भट्टाचार्य ने पत्रकारों से कहा, ‘‘नयी भाजपा सरकार 9 मई को सुबह 10 बजे ब्रिगेड परेड ग्राउंड में शपथ लेगी।’’
खास बात यह है कि शपथग्रहण समारोह बंगाली पंचांग के बैसाख महीने के 25वें दिन आयोजित किया जाएगा जिसे पूरे राज्य में रवींद्र जयंती के रूप में मनाया जाता है, जो रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती है। इससे कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रतीकात्मकता की झलक नजर आएगी।
प्रदेश भाजपा सूत्रों के अनुसार, राजनीतिक हलकों में इस तारीख के चयन को भाजपा द्वारा बंगाल की सांस्कृतिक परिकल्पना में अपने ऐतिहासिक उदय को स्थापित करने और तृणमूल कांग्रेस द्वारा इसे बंगाल की भाषाई एवं बौद्धिक लोकाचार से अलग ‘‘बाहरी लोगों की पार्टी’’ बताए जाने का मुकाबला करने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।
पार्टी सूत्रों ने कहा कि नवनिर्वाचित भाजपा विधायकों की बैठक आठ मई की शाम बुलाई गई है, हालांकि नेतृत्व मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर चुप्पी साधे हुए है।
भाजपा ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में शानदार जीत दर्ज की जिससे वर्षों के संगठनात्मक विस्तार और तीव्र वैचारिक ध्रुवीकरण के बाद बंगाल में इसकी पहली सरकार बनने का मार्ग प्रशस्त हुआ।
भाषा नेत्रपाल नरेश
नरेश

Facebook


