अनुच्छेद 370 हटाने के बाद जम्मू-कश्मीर में नया दौर शुरू हुआ: जितेंद्र सिंह

अनुच्छेद 370 हटाने के बाद जम्मू-कश्मीर में नया दौर शुरू हुआ: जितेंद्र सिंह

अनुच्छेद 370 हटाने के बाद जम्मू-कश्मीर में नया दौर शुरू हुआ: जितेंद्र सिंह
Modified Date: May 25, 2026 / 09:55 am IST
Published Date: May 25, 2026 9:55 am IST

जम्मू, 25 मई (भाषा) केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि अनुच्छेद 370 हटाने से जम्मू-कश्मीर में विकास का एक नया दौर शुरू हुआ और यहां के लोगों को भारत का समान नागरिक बनाकर उनकी सोच में बड़ा बदलाव आया।

रविवार को कठुआ जिले के लखनपुर में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान-2026 के एक प्रशिक्षण शिविर को संबोधित करते हुए सिंह ने पिछले 12 सालों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र शासित प्रदेश में आए बदलावों का भी उल्लेख किया।

उधमपुर लोकसभा सीट से सांसद सिंह ने कहा कि अनुच्छेद 370 हटने से न केवल विकास के काम तेज हुए, बल्कि जम्मू-कश्मीर के लोगों में एक नए आत्मविश्वास, स्वाभिमान और आकांक्षाओं की भावना भी जगी।

पांच अगस्त 2019 को भारत सरकार ने संविधान के अनुच्छेद 370 के तहत जम्मू-कश्मीर को मिला विशेष दर्जा खत्म कर दिया और उसे पूरी तरह भारत के संवैधानिक ढांचे में शामिल कर लिया। साथ ही उसे दो केंद्र शासित प्रदेशों जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में बांट दिया गया।

सिंह ने कहा, ‘‘पिछले कुछ सालों में जम्मू-कश्मीर के युवाओं ने अपने डर को दूर किया है और देशभर में कई क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाई है।’’

मंत्री ने यह भी बताया कि 2016 में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए देशभर में कई केंद्रीय सरकारी नौकरियों में साक्षात्कार को खत्म कर दिया गया है, लेकिन अनुच्छेद 370 की वजह से यह सुधार जम्मू-कश्मीर में लागू नहीं हो सका था।

शाहपुर कंडी बैराज परियोजना का जिक्र करते हुए मंत्री ने कहा कि इस पर खास ध्यान देना जरूरी है, क्योंकि 1984 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी द्वारा आधारशिला रखे जाने के बावजूद यह परियोजना करीब चार दशकों तक अटकी रही।

उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘लगातार कई बार कांग्रेस सत्ता में आई, लेकिन इस परियोजना की फाइलें धूल खाती रहीं और इसे आगे नहीं बढ़ाया गया।’’

उन्होंने बताया कि फरवरी 2019 में जम्मू में एक जनसभा में प्रधानमंत्री मोदी ने इस परियोजना को फिर से शुरू करने का ऐलान किया था, जो लंबे समय से लोगों की मांग थी।

उन्होंने कहा, ‘‘आज शाहपुर कंडी बैराज परियोजना पूरी हो चुकी है। बहुत जल्द करीब एक सदी से रुकी पड़ी एक और बड़ी बहुउद्देशीय परियोजना भी चालू होने वाली है।’’

कठुआ के महत्व को याद करते हुए सिंह ने कहा कि यह जिला भारतीय जनसंघ और बाद में भारतीय जनता पार्टी की वैचारिक यात्रा का अहम हिस्सा रहा है।

उन्होंने इस इलाके को श्यामा प्रसाद मुखर्जी की ‘‘कर्मभूमि’’ बताया और कहा कि उनके द्वारा लोकतंत्र व राष्ट्रवाद के लिए चलाए गए आंदोलन की जड़ें यहां गहरी हैं।

उन्होंने कहा,’कठुआ इस यात्रा की आत्मा रहा है। उस विरासत को याद करते हुए हम खुद को प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में अपनाए गए आदर्शों और विकास के दृष्टिकोण के प्रति समर्पित करते हैं।’’

भाषा खारी रंजन

रंजन


लेखक के बारे में