भुवनेश्वर, 29 अगस्त (भाषा) भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शनिवार को कहा कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव का एक नया क्षेत्र बना है, जिसके प्रभाव से ओडिशा में चार सितंबर तक भारी बारिश हो सकती है।
एक अधिकारी ने बताया कि राज्य प्रशासन ने उत्तरी और तटीय इलाकों में संभावित जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक कदम उठाए हैं।
अधिकारी ने बताया कि ओडिशा के कुछ हिस्से पहले से ही बाढ़ की चपेट में हैं, जिससे राज्य के तीन जिलों में 67,000 से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं।
आईएमडी ने इससे पहले 20 अगस्त से चार सितंबर के बीच ओडिशा के विभिन्न हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की थी।
शनिवार को आईएमडी ने बाढ़ प्रभावित जिलों बालासोर, भद्रक, जगतसिंहपुर, क्योंझर, केंद्रपाड़ा और मयूरभंज के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया। इसके अलावा जाजपुर, कटक, सुंदरगढ़, झारसुगुड़ा, बरगढ़, संबलपुर, देवगढ़, अंगुल, ढेंकनाल, कालाहांडी, पुरी और नयागढ़ में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
आईएमडी ने कहा कि 31 अगस्त तक ओडिशा के तट और उससे लगे समुद्री क्षेत्र में 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और कभी-कभी इनकी गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है।
विभाग ने इस दौरान मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है।
भाषा शफीक पवनेश
पवनेश