कानपुर सेंट्रल और आनंद विहार के बीच रोजाना चलेगी नई मेल
कानपुर सेंट्रल और आनंद विहार के बीच रोजाना चलेगी नई मेल
नयी दिल्ली, 24 सितंबर (भाषा) रेल मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को उत्तर प्रदेश के कानपुर सेंट्रल और दिल्ली के आनंद विहार टर्मिनल के बीच रोजाना चलने वाली नयी ट्रेन सेवा शुरू करने को मंजूरी दी।
मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि नई दैनिक मेल सेवा से कानपुर सेंट्रल और आनंद विहार के बीच रेल संपर्क मजबूत होगा। इससे यात्रियों को रात में यात्रा करने का विकल्प मिलेगा और मार्ग के महत्वपूर्ण स्टेशनों से भी जुड़ाव बेहतर होगा।
नई सेवा ट्रेन संख्या 14153/14154 कानपुर सेंट्रल-आनंद विहार-कानपुर सेंट्रल मेल के रूप में संचालित होगी।
अधिकारियों ने बताया कि ट्रेन कानपुर सेंट्रल से रात 8:40 बजे रवाना होकर सुबह 4:50 बजे आनंद विहार पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन संख्या 14154 आनंद विहार-कानपुर सेंट्रल मेल आनंद विहार से रात 11:25 बजे रवाना होगी और सुबह 7:25 बजे कानपुर सेंट्रल पहुंचेगी। ट्रेन 428 किलोमीटर की दूरी तय करेगी।
कानपुर से आनंद विहार तक यात्रा में आठ घंटे 10 मिनट और वापसी में आठ घंटे लगेंगे।
मंत्रालय के अनुसार ट्रेन के आठ वाणिज्यिक ठहराव फफूंद, इटावा, टूंडला, हाथरस, अलीगढ़, खुर्जा, दादरी और गाजियाबाद में होंगे।
मंत्रालय ने कहा कि यह सेवा कानपुर और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के बीच यात्रियों को दोनों दिशाओं में सुविधाजनक रात्रिकालीन यात्रा का अतिरिक्त विकल्प देगी।
इसके अलावा रेल मंत्रालय ने पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल में अलकापुरी में चार लेन वाले सड़क उपरिगामी पुल के निर्माण को भी मंजूरी दी है। इसकी लागत 166.5 करोड़ रुपये होगी और इसका निर्माण गुजरात सरकार के साथ लागत साझा करने के आधार पर किया जाएगा।
मंत्रालय ने कहा, ‘‘परियोजना की कुल लागत भारतीय रेलवे और राज्य सरकार के बीच बराबर बांटी जाएगी। रेलवे का हिस्सा करीब 83.2769 करोड़ रुपये और राज्य सरकार का हिस्सा भी करीब 83.2769 करोड़ रुपये होगा।’’
मौजूदा अलकापुरी रोड अंडर ब्रिज (आरयूबी) वडोदरा रेलवे स्टेशन के पास है और शहर के अलकापुरी तथा कालाघोड़ा इलाकों के बीच पूर्व-पश्चिम सड़क संपर्क का एक महत्वपूर्ण मार्ग है। हालांकि इसकी ऊंचाई करीब तीन मीटर ही है जिससे बड़े वाहनों की आवाजाही पर रोक रहती है और बारिश के मौसम में बार-बार जलभराव होता है।
भाषा
राखी नरेश
नरेश

Facebook


