दिल्ली में महिला और उसके बेटे की हत्या के मामले में नया मोड़ आया
दिल्ली में महिला और उसके बेटे की हत्या के मामले में नया मोड़ आया
नयी दिल्ली, 22 मई (भाषा) दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में एक महिला और उसके किशोर बेटे की हत्या के मामले में एक नया मोड़ आया है और पुलिस ने मृतकों के दूर के एक रिश्तेदार को हिरासत में लिया है, जिसे सीसीटीवी कैमरे में देखा गया था। संदेह है कि वह हत्याओं से पहले घर में दाखिल हुआ था। पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
हालांकि, जांचकर्ताओं ने कहा कि मृतका के पति की भूमिका अब भी जांच के दायरे में है और मामले को सुलझाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
मृतकों की पहचान शारदा साहू (38) और उनके 13 वर्षीय बेटे के रूप में हुई है। वे बुधवार को गोविंदपुरी में गली नंबर 10 स्थित अपने घर में मृत मिले थे और उनकी चाकू मारकर हत्या की गई थी।
सूत्रों ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहे जांचकर्ताओं ने एक ऐसे व्यक्ति की पहचान की है जिसे हत्याओं के समय आसपास इलाके में प्रवेश करते और बाहर निकलते देखा गया था।
शारदा के दूर के रिश्तेदार के रूप में पहचाने गए उस व्यक्ति को पूछताछ के लिए संगम विहार से हिरासत में लिया गया है।
सूत्रों के अनुसार, वह व्यक्ति परिवार का परिचित था और पहले भी शारदा के घर आ चुका था, जिससे यह समझा जा सकता है कि वह बिना किसी प्रतिरोध के घर में प्रवेश कैसे कर गया।
सूत्रों के अनुसार, शारदा नाश्ता बना रही थी कि तभी संदिग्ध ने कथित तौर पर घर के अंदर से एक बड़ा चाकू उठाया और उस पर हमला कर दिया।
शारदा का पति विष्णु साहू फल और सब्जी विक्रेता के रूप में काम करता है और पुलिस ने पहले इस पहलू को महत्वपूर्ण माना था क्योंकि उसे संदेह था कि हथियार घर के अंदर मौजूद था।
सूत्रों के अनुसार, आरोपी ने कथित तौर पर शारदा पर चाकू से हमला किया और उसका गला काट दिया। जब उसके बेटे ने मदद के लिए आवाज लगाने की कोशिश की तो उस पर भी हमला किया गया और चाकू मार दिया गया।
पुलिस को संदेह है कि आरोपी हत्याओं के बाद घर से नकदी और कीमती सामान लेकर फरार हो गया। सूत्रों का दावा है कि गिरफ्तार किया गया व्यक्ति नशे का आदी है और जांचकर्ता इस बात की पड़ताल कर रहे हैं कि कहीं हत्याओं के पीछे लूटपाट का मकसद तो नहीं था।
भाषा
शुभम नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


