भाजपा की नवनियुक्त महासचिव स्मृति ईरानी ने अमेठी के पार्टी नेताओं के साथ बैठक की
भाजपा की नवनियुक्त महासचिव स्मृति ईरानी ने अमेठी के पार्टी नेताओं के साथ बैठक की
नयी दिल्ली, 26 अगस्त (भाषा) भाजपा की राष्ट्रीय पदाधिकारियों की टीम में शामिल किए जाने के दो सप्ताह के भीतर ही पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने बुधवार को उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले के पार्टी नेताओं के साथ बैठक की और अगले साल की शुरुआत में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा की।
वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में अमेठी से हार का सामना करने वाली ईरानी को भाजपा में एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी ने 17 अगस्त को उन्हें सात अन्य नेताओं के साथ राष्ट्रीय महासचिव नियुक्त किया था।
ईरानी ने ‘एक्स’ पर पार्टी नेताओं के साथ बैठक की तस्वीरों को साझा करते हुए एक पोस्ट में कहा, ‘‘आज भाजपा मुख्यालय पर अमेठी जिले से आए जिला भाजपा कार्यकारिणी के पदाधिकारियों के साथ संगठन के आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा की।’’
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में ‘‘चुनावी समर’’ को ध्यान में रखते हुए बूथ से लेकर मंडल स्तर तक, संगठन के कार्यक्रमों तथा सरकार की योजनाओं से लोगों को जोड़ना प्रमुख लक्ष्यों में शामिल है।
ईरानी ने कहा, ‘‘संगठन को निरंतर सशक्त करने के लिए मासिक गतिविधियों में अपनी सक्रियता रखने और कार्यकर्ताओं के साथ परस्पर संवाद एवं समन्वय के आधार पर ही यह यात्रा निर्बाध गति से आगे बढ़ती रहेगी।’’
ईरानी ने 2019 के आम चुनाव में कांग्रेस नेता राहुल गांधी को 55,000 से अधिक मतों के अंतर से हराकर उत्तर प्रदेश की अमेठी लोकसभा सीट पर जीत दर्ज की थी।
हालांकि, 2024 के लोकसभा चुनाव में वह कांग्रेस उम्मीदवार और नेहरू-गांधी परिवार के करीबी सहयोगी किशोरी लाल शर्मा से 1.67 लाख से अधिक मतों के अंतर से हार गई थीं।
भाषा
देवेंद्र सुभाष
सुभाष

Facebook


