एनएचआरसी ने अस्पतालों में कई महिलाओं की मौत के मामले में राजस्थान सरकार को नोटिस जारी किया

एनएचआरसी ने अस्पतालों में कई महिलाओं की मौत के मामले में राजस्थान सरकार को नोटिस जारी किया

एनएचआरसी ने अस्पतालों में कई महिलाओं की मौत के मामले में राजस्थान सरकार को नोटिस जारी किया
Modified Date: July 16, 2026 / 09:16 pm IST
Published Date: July 16, 2026 9:16 pm IST

नयी दिल्ली, 16 जुलाई (भाषा) राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने बृहस्पतिवार को कहा कि उसने राजस्थान सरकार को उन मीडिया में आयी खबरों के आधार पर नोटिस जारी किया है, जिनमें आरोप लगाया गया है कि भीलवाड़ा और बांसवाड़ा जिलों के सरकारी अस्पतालों के स्त्री एवं प्रसूति रोग वार्ड में सर्जरी कराने के बाद एक सप्ताह के भीतर आठ महिलाओं और एक नाबालिग की मौत हो गई।

आयोग ने इस मामले में दो सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।

आयोग ने मीडिया में आयी खबरों का हवाला देते हुए कहा कि मृतकों में पांच महिलाओं की मौत भीलवाड़ा जिले के महात्मा गांधी अस्पताल में हुई, जबकि तीन महिलाओं और एक नाबालिग की मौत बांसवाड़ा जिला अस्पताल में हुई।

उसने यह भी कहा कि यदि मीडिया खबरों में किए गए दावे सही हैं, तो यह मानवाधिकारों के गंभीर उल्लंघन का मामला है।

एनएचआरसी ने राजस्थान के मुख्य सचिव को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।

एक अलग बयान में एनएचआरसी ने बताया कि उसने मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित एक बाल सुधार गृह में दो किशोरों के साथ कथित रूप से अन्य बाल बंदियों द्वारा शारीरिक और यौन उत्पीड़न किए जाने संबंधी मीडिया खबरों का भी स्वतः संज्ञान लिया है।

आयोग ने कहा कि पीड़ितों की चिकित्सीय जांच में इन आरोपों की पुष्टि हुई है। इस घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए एनएचआरसी ने कहा कि यह मानवाधिकारों के उल्लंघन का मामला है।

आयोग ने मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव और भोपाल के पुलिस आयुक्त को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है।

भाषा शफीक माधव

माधव


लेखक के बारे में