एनएचआरसी ने ओडिशा के अस्पताल में लगी आग के संबंध में मुख्य सचिव से रिपोर्ट मांगी
एनएचआरसी ने ओडिशा के अस्पताल में लगी आग के संबंध में मुख्य सचिव से रिपोर्ट मांगी
भुवनेश्वर, 17 मार्च (भाषा) राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने ओडिशा की मुख्य सचिव अनु गर्ग से कटक के सरकारी एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में लगी भीषण आग पर एक रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा है। इस घटना में 12 लोगों की मौत हो गई थी।
मनोज जेना द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत पर सुनवाई करते हुए, एनएचआरसी ने सोमवार को मुख्य सचिव को 15 दिनों के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।
शिकायतकर्ता ने सोमवार तड़के अस्पताल के ‘ट्रॉमा केयर सेंटर’ की गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में लगी आग की घटना की ओर आयोग का ध्यान आकर्षित किया है।
खबरों के मुताबिक, आपातकालीन विभाग की इमारत की पहली मंजिल पर स्थित आईसीयू में बिजली के शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी।
घटना के समय आईसीयू में लगभग 23 मरीजों का इलाज हो रहा था, जिनमें से 12 मरीजों की मौत हो गई।
एनएचआरसी ने कहा, ‘‘शिकायतकर्ता ने अस्पताल के अधिकारियों द्वारा घोर लापरवाही और पर्याप्त अग्नि सुरक्षा उपायों के अभाव का आरोप लगाया है। इसके अलावा, बचाव कार्यों में कथित तौर पर देरी हुई।’’
शिकायतकर्ता ने आयोग से उच्चस्तरीय जांच समिति गठित करने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने का अनुरोध किया। उन्होंने मृतकों के लिए एक करोड़ रुपये और घायलों के लिए 50 लाख रुपये के मुआवजे की भी मांग की।
आयोग ने पाया कि शिकायत में लगाए गए आरोप पीड़ितों के मानवाधिकारों का गंभीर उल्लंघन हैं। तदनुसार, एनएचआरसी ने अपनी रजिस्टरी को निर्देश दिया कि शिकायत की एक प्रति ओडिशा की मुख्य सचिव को भेजी जाए, ताकि वह मामले की जांच करें और 15 दिनों के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
भाषा
शफीक दिलीप
दिलीप

Facebook


