मणिपुर आईईडी हमले के मामले में एनआईए ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया

मणिपुर आईईडी हमले के मामले में एनआईए ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया

मणिपुर आईईडी हमले के मामले में एनआईए ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया
Modified Date: September 29, 2026 / 08:22 pm IST
Published Date: September 29, 2026 8:22 pm IST

नयी दिल्ली, 29 सितंबर (भाषा) राष्ट्रीय अन्वेषण एजेंसी (एनआईए) ने अप्रैल में मणिपुर में एक आवास पर हुए आईईडी हमले के मामले में आरोपी थांगमांग हाओकिप को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

करीब 48 वर्षीय हाओकिप मणिपुर के चुड़ाचांदपुर का निवासी है। इस मामले में यह दूसरी गिरफ्तारी है। हमले में दो बच्चों की मौत हो गई थी और एक अन्य व्यक्ति घायल हुआ था।

एनआईए ने इससे पहले 12 अगस्त 2026 को एस. पालाल थाडोउ कुकी को गिरफ्तार किया था जो फिलहाल न्यायिक हिरासत में है।

मामला शुरुआत में मोइरांग थाने में दर्ज किया गया था। सात अप्रैल 2026 को अज्ञात उग्रवादियों ने पहाड़ी से ट्रोंगलाओबी अवांग लीकाई स्थित एक घर पर विस्फोटक उपकरण फेंका था और इससे परिवार के तीन सदस्य गंभीर रूप से घायल हुए थे तथा बाद में उनमें से दो बच्चों की मौत हो गई थी।

घटनास्थल के पास एक स्वचालित रॉकेट चालित ग्रेनेड (आरपीजी) भी बरामद किया गया था।

जांच एजेंसी के बयान के अनुसार, एनआईए ने 23 अप्रैल 2026 को भारतीय न्याय संहिता, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम के तहत मामले को फिर से दर्ज किया। जांच के दौरान हाओकिप की भूमिका सामने आई।

एनआईए ने बताया कि हाओकिप को 25 सितंबर 2026 को गिरफ्तार किया गया और इंफाल की विशेष एनआईए अदालत-द्वितीय में पेश किया गया, जहां से उसे 12 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।

जांच एजेंसी ने कहा कि साजिश में शामिल अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी तथा हमले के पीछे के बड़े नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

मई 2023 में इंफाल घाटी के मेइती और आसपास की पहाड़ियों में रहने वाले कुकी समुदाय के बीच शुरू हुई जातीय हिंसा में अब तक कम से कम 306 लोगों की मौत हो चुकी है और 49 लोग अब भी लापता हैं।

भाषा

राखी नरेश

नरेश


लेखक के बारे में