एनआईए ने छत्तीसगढ़ में चार नक्सलियों के खिलाफ आरोप-पत्र दाखिल किया

Ads

एनआईए ने छत्तीसगढ़ में चार नक्सलियों के खिलाफ आरोप-पत्र दाखिल किया

  •  
  • Publish Date - January 3, 2026 / 10:42 PM IST,
    Updated On - January 3, 2026 / 10:42 PM IST

नयी दिल्ली, तीन जनवरी (भाषा) राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिला पुलिस के एक ‘गोपनीय सैनिक’ की हत्या के संबंध में भाकपा (माओवादी) के चार और नक्सलियों के खिलाफ शनिवार को आरोप-पत्र दाखिल किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

गोपनीय सैनिक, पुलिस द्वारा स्थानीय युवाओं में से खुफिया जानकारी जुटाने और बस्तर क्षेत्र में नक्सल-रोधी अभियानों में सहायता करने के लिए भर्ती किए जाते हैं।

अधिकारियों ने बताया कि छत्तीसगढ़ के जगदलपुर स्थित एक अदालत में दाखिल आरोप-पत्र में राजू कुरसम, सुक्कू कुरसम, शंकर कुरसम और मन्नू कुरसम पर भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) और गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत आरोप लगाए गए हैं।

एजेंसी द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि इससे पहले इस मामले में चार अन्य लोगों के खिलाफ आरोप-पत्र दाखिल किया गया था।

पीड़ित छोटू उर्फ ​​किशन कुरसम की हत्या प्रतिबंधित संगठन भाकपा (माओवादी) के सदस्यों द्वारा दिसंबर 2023 में आत्मसमर्पण करने वाले कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनता के बीच भय और आतंक फैलाने के लिए की गई थी।

भाषा

शफीक सुरेश

सुरेश