एटा में धान के खेत में नौ फुट लंबा मगरमच्छ मिला

एटा में धान के खेत में नौ फुट लंबा मगरमच्छ मिला

एटा में धान के खेत में नौ फुट लंबा मगरमच्छ मिला
Modified Date: July 12, 2026 / 07:09 pm IST
Published Date: July 12, 2026 7:09 pm IST

एटा, 12 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के एटा जिले के जलेसर थाना क्षेत्र में शनिवार रात धान के एक खेत में नौ फुट लंबा और करीब डेढ़ क्विंटल वजनी मगरमच्छ दिखाई देने के बाद हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने रविवार को बताया कि ग्रामीणों ने पुलिस की मदद से इस मगरमच्छ को पकड़कर पिंजरे में बंद कर दिया।

मगरमच्छ की खबर पूरे इलाके में फैलते ही उसे देखने के लिए सैकड़ों ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।

ग्रामीण प्रमोद कुमार ने बताया कि यह मगरमच्छ मकसूदपुर गांव के पास स्थित एक नहर से पानी के बहाव के साथ खेत में पहुंच गया। उसने बताया कि रात में खेत में इतना बड़ा मगरमच्छ देखकर ग्रामीण सहम गए और तुरंत इसकी सूचना पुलिस और वन विभाग को दी।

प्रमोद के मुताबिक, सूचना मिलते ही शनिवार रात करीब 11:30 बजे पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ मिलकर बचाव अभियान चलाया।

उसने बताया कि कड़ी मशक्कत के बाद रस्सियों की मदद से मगरमच्छ को काबू में किया गया और सुरक्षित रूप से पिंजरे में बंद कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार, सुरक्षा के मद्देनजर मगरमच्छ को पूरी रात पिंजरे में ही रखा गया।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि मगरमच्छ को पकड़ना वन विभाग का काम था, लेकिन सूचना के बावजूद टीम के समय पर न पहुंचने के कारण ग्रामीणों और पुलिस को खुद जोखिम उठाकर उसे पकड़ना पड़ा।

ग्रामीणों ने कहा कि वन विभाग की टीम रविवार सुबह करीब 5:45 बजे मौके पर पहुंची।

क्षेत्रीय वनाधिकारी गिरजेश तिवारी ने बताया कि टीम ने मगरमच्छ को पकड़कर उसे कब्जे में ले लिया और बाद में उसे एक बड़ी नहर में छोड़ दिया गया।

जलेसर थाना प्रभारी अखिलेश दीक्षित ने बताया कि ग्रामीणों के सहयोग से मगरमच्छ को सफलतापूर्वक पकड़कर वन विभाग को सौंप दिया गया।

भाषा

सं आनन्द पारुल

पारुल


लेखक के बारे में