कोलकाता के एक होटल में भीषण आग लगने से नौ लोगों की मौत, मृतकों में बांग्लादेशी नागरिक भी शामिल

Ads

कोलकाता के एक होटल में भीषण आग लगने से नौ लोगों की मौत, मृतकों में बांग्लादेशी नागरिक भी शामिल

  •  
  • Publish Date - August 19, 2026 / 10:02 AM IST,
    Updated On - August 19, 2026 / 10:02 AM IST

कोलकाता, 19 अगस्त (भाषा) मध्य कोलकाता की मिर्जा गालिब स्ट्रीट में स्थित एक जर्जर पांच मंजिला इमारत में मंगलवार देर रात भीषण आग लगने से चार वर्षीय बच्चे समेत कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई और छह अन्य झुलस गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, आग रात करीब एक बज कर 45 मिनट पर लगी। आग बुझाने के लिए दमकल की पांच गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। पुलिस और आपदा प्रबंधन विभाग के कर्मचारी भी बचाव अभियान के लिए घटनास्थल पर पहुंचे।

एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, इस पांच मंजिला इमारत से 80 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।

दमकल मंत्री कौशिक चौधरी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि मृतकों की पहचान अभी नहीं हो पाई है। घटनास्थल का दौरा करने के बाद उन्होंने कहा कि मृतकों में भारतीय और बांग्लादेशी, दोनों नागरिक दोनों शामिल हैं।

चौधरी ने कहा, ‘‘ हम मृतकों की शिनाख्त की कोशिश कर रहे हैं। इमारत के अंदर की स्थिति बहुत खराब है। इस इमारत में कई होटल हैं। यहां जो कुछ चल रहा था, उसे देखकर मैं स्तब्ध हूं।’’

आग लगने के कारण के बारे में पूछे जाने पर मंत्री ने कहा कि यह शॉर्ट सर्किट की वजह से हो सकती है, लेकिन फॉरेंसिक जांच से ही पता चल पाएगा कि आग किस वजह से लगी।

मंत्री ने कहा, ‘इमारत प्रबंधन ने बुनियादी सुरक्षा और निर्माण मानदंडों का पालन नहीं किया। आरोप है कि होटल के संचालन में कई अनियमितताएं थीं।’

उन्होंने बताया कि घायलों को पास के एक अस्पताल में ले जाया गया है।

एक पुलिस अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘घने धुएं के कारण दमकलकर्मियों के लिए सीढ़ियों से ऊपरी मंजिलों तक पहुंचना मुश्किल हो रहा था। नौ लोगों की मौत हो चुकी है और मृतक संख्या बढ़ने की आशंका है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘फंसे हुए लोगों को बचाना हमारी प्राथमिकता है। इसके साथ ही आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। आग पर काबू पा लिया गया है और अब घटनास्थल पर प्रशीतन अभियान जारी है।’’

पश्चिम बंगाल अग्निशमन विभाग का मुख्यालय होटल की इमारत के पास ही स्थित है।

एक अन्य पुलिस अधिकारी ने बताया कि इमारत का मालिक फिलहाल फरार है।

उन्होंने कहा, ‘‘ इस संबंध में न्यू मार्केट थाने में मामला दर्ज किया जा रहा है और मालिक के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।’’

अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने इमारत के मालिक का पता लगाने के लिए उसके आवास पर छापेमारी शुरू कर दी है।

मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी घटनास्थल पर जा सकते हैं।

भाषा प्रचेता शोभना

शोभना