पंजाब में पेपर लीक का कोई मामला नहीं, विपक्ष झूठ बोल रहा है: मंत्री हरपाल सिंह चीमा

Ads

पंजाब में पेपर लीक का कोई मामला नहीं, विपक्ष झूठ बोल रहा है: मंत्री हरपाल सिंह चीमा

  •  
  • Publish Date - July 28, 2026 / 06:17 PM IST,
    Updated On - July 28, 2026 / 06:17 PM IST

चंडीगढ़, 28 जुलाई (भाषा) पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने राज्य में पेपर लीक के विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए मंगलवार को कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) सरकार के चार साल के कार्यकाल में एक भी ऐसा मामला नहीं हुआ है।

उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष सरकार के खिलाफ झूठा प्रचार कर युवाओं को गुमराह करने की कोशिश कर रहा है।

चीमा ने यहां संवाददाताओं से कहा कि हाल ही में फार्मेसी अधिकारी भर्ती परीक्षा में पेपर लीक नहीं, बल्कि कुछ अभ्यर्थियों को इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के जरिए नकल करते हुए पकड़ा गया था।

उन्होंने कहा कि विपक्ष इस घटना को पेपर लीक बताकर झूठ फैला रहा है क्योंकि उसके पास सरकार के खिलाफ कोई ठोस मुद्दा नहीं है।

उन्नीस जुलाई को पंजाब पुलिस ने फार्मेसी अधिकारी भर्ती परीक्षा के दौरान सक्रिय अंतरराज्यीय नकल गिरोह का भंडाफोड़ किया था। इस मामले में सात मुख्य साजिशकर्ताओं और 28 अभ्यर्थियों को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने उनके पास से नकल करने के लिए बैटरी से संचालित 27 वायरलेस उपकरण भी बरामद किए थे।

करीब 7,000 अभ्यर्थियों ने फार्मेसी अधिकारी के 454 पदों के लिए फरीदकोट, कोटकपूरा और फिरोजपुर के 25 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा दी थी।

बरनाला में सफाई कर्मचारियों पर हुए लाठीचार्ज के मामले में चीमा ने कहा कि विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है और यदि किसी के द्वारा अधिकारों के दुरुपयोग की पुष्टि होती है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

भाषा

राखी अविनाश

अविनाश