एआई-171 विमान हादसे की जांच में कोई देरी नहीं : सरकार

एआई-171 विमान हादसे की जांच में कोई देरी नहीं : सरकार

एआई-171 विमान हादसे की जांच में कोई देरी नहीं : सरकार
Modified Date: July 27, 2026 / 07:50 pm IST
Published Date: July 27, 2026 7:50 pm IST

नयी दिल्ली, 27 जुलाई (भाषा) सरकार ने सोमवार को राज्यसभा में कहा कि पिछले साल हुई एअर इंडिया विमान दुर्घटना की जांच में कोई देरी नहीं हो रही है और किसी बड़े हादसे की पड़ताल के लिए समय-सीमा का अनुमान नहीं लगाया जा सकता क्योंकि यह कई कारकों पर निर्भर करता है।

लंदन जा रहा एअर इंडिया का बोइंग 787-8 विमान पिछले साल 12 जून को अहमदाबाद से उड़ान भरने के तुरंत बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें 260 लोगों की मौत हो गई थी।

वायुयान दुर्घटना अन्वेषण ब्यूरो (एएआईबी) इस दुर्घटना की जांच कर रहा है।

नागर विमानन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने एक सवाल के लिखित जवाब में राज्यसभा में कहा, ‘‘जांच में कोई देरी नहीं हो रही है। बड़ी दुर्घटना की जांच के लिए समय-सीमा का अनुमान नहीं लगाया जा सकता, क्योंकि यह कई कारकों पर निर्भर करता है और यह ऐसी प्रक्रिया है जो समय के साथ आगे बढ़ती है और इसमें कई चीजें शामिल होती हैं।’’

उन्होंने कहा कि जांच जारी रही है और दुर्घटना के सभी संभावित कारणों और इससे जुड़े कारकों की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद सभी निष्कर्ष सहित अंतिम रिपोर्ट सार्वजनिक की जाएगी।

इस साल 12 जून को ब्यूरो ने अंतरिम रिपोर्ट जारी की थी और कहा कि जांच में काफी प्रगति हुई है।

भाषा अविनाश सुभाष

सुभाष


लेखक के बारे में